1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रुपए में लगातार तीसरे दिन भी आई तेजी, 5 पैसे की मजबूती के साथ 70.39 रुपए/डॉलर पर हुआ बंद

रुपए में लगातार तीसरे दिन भी आई तेजी, 5 पैसे की मजबूती के साथ 70.39 रुपए/डॉलर पर हुआ बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 19, 2018 08:08 pm IST,  Updated : Dec 19, 2018 08:08 pm IST

घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तेजी और कच्चे तेल की नरमी के बीच निर्यातकों की डॉलर बिकवाली बढ़ने से रुपया आज पांच पैसे की तेजी दर्शाता हुआ 70.39 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

Rupee- India TV Hindi
Rupee Image Source : RUPEE

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तेजी और कच्चे तेल की नरमी के बीच निर्यातकों की डॉलर बिकवाली बढ़ने से रुपया आज पांच पैसे की तेजी दर्शाता हुआ 70.39 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपए में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। शुरुआत में रुपए में जोरदार तेजी थी जो बाद में कुछ शांत हो गई। इन तीन दिनों के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपए में 151 पैसे की मजबूती आई है।

बाजार सूत्रों ने कहा कि कच्चे तेल के मूल्य नरम पड़ने से चालू खाता घाटा संबंधी चिंता कम हो गई  है। इससे रुपए में सुधार है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक से पहले निर्यातकों और बैंकों ने डॉलर की बिकवाली बढ़ा रखी है। 

अन्तर बैंकिंग विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया प्रति डॉलर 70.05 पर मजबूती के रुख के साथ खुला। निर्यातकों की डॉलर की बिकवाली से यह बीच में 69.86 तक मंजबूत हो गया था। रुपया अंत में मंगलवार के बंद की तुलना में पांच पैसे और मजबूत होकर 70.39 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपया मंगलवार को 112 पैसे मजबूत हुआ था। यह पांच वर्ष में इसमें एक दिन की सर्वाधिक तेजी थी। 

अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में मानक ब्रेंट कच्चा तेल करीब एक साल के निम्न स्तर 56.27 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 137.25 अंक के लाभ के साथ 36,484.33 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 58.60 अंक की मजबूती के साथ 10,967.30 अंक पर बंद हुआ।

फाइनेंशियल बेंचमार्क इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने बुधवार के लिए रुपए/डॉलर की संदर्भ दर 70.1094, रुपए/यूरो के लिए 79.8153, रुपए/ब्रिटिश पौंड के लिए 88.7431 और रुपए/100 जापानी येन के लिए 62.38 तय की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा