1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दुनिया के सबसे अमीर आदमी जेफ बेजोस ने पत्‍नी मैकेंजी को दिया सबसे महंगा तलाक, मिलेगी 2420 अरब रुपए की संपत्ति

दुनिया के सबसे अमीर आदमी जेफ बेजोस ने पत्‍नी मैकेंजी को दिया सबसे महंगा तलाक, मिलेगी 2420 अरब रुपए की संपत्ति

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 05, 2019 05:22 pm IST,  Updated : Apr 05, 2019 05:22 pm IST

तलाक सहमति के मुताबिक 25 साल पुरानी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन में मैकेंजी की हिस्सेदारी 4 प्रतिशत रहेगी।

Jeff Bezos- India TV Hindi
Amazon Founder Jeff Bezos Image Source : JEFF BEZOS

दुनिया के सबसे अमीर आदमी, अमेजन के संस्‍थापक जेफ बेजोस और उनकी पत्नी मैकेंजी ने दुनिया के सबसे महंगे तलाक पर अपनी सहमति दे दी है। जेफ और मैकेंजी के बीच रिकॉर्ड 35 अरब डॉलर (लगभग 2420 अरब रुपए) के समझौते पर तलाक को लेकर सहमति बन गई है।  

तलाक सहमति के मुताबिक 25 साल पुरानी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन में मैकेंजी की हिस्‍सेदारी 4 प्रतिशत रहेगी। मैकेंजी ने वॉशिंगटन पोस्‍ट अखबार और स्‍पेस ट्रैवल कंपनी ब्‍लू ओरिजिन में अपनी हिस्‍सेदारी छोड़ने पर सहमति जताई है।

जेफ और मैकेंजी के बीच 35 अरब डॉलर राशि वाले इस समझौते ने फ्रांस में जन्‍मे अमेरिकी अरबपति एलेक वाइल्‍डेनस्‍टाइन और उनकी पत्‍नी जोसेलीन वाइल्‍डनेस्‍टीन के बीच 3.8 अरब डॉलर के तलाक समझौते को पीछे छोड़ दिया है।

इसी महीने ट्विटर ज्‍वॉइन करने वाली मैकेंजी ने अपने पहले और एकमात्र ट्विट में कहा है कि इस शादी को एक-दूसरे के सहयोग से खत्‍म करने के लिए में आभारी हूं। तलाक समझौते से पहले मैकेंजी की अमेजन में 16.3 प्रतिशत हिस्‍सेदारी थी। इसके साथ ही मैकेंजी ने वोटिंग के सारे अधिकार भी बेजोस को हस्‍तांतरि‍त कर दिए हैं।

जेफ बेजोस ने मैकेंजी से शादी करने के एक साल बाद 1994 में अमेजन की स्‍थापना की थी। मैकेंजी अमेजन की पहली कर्मचारी हैं और दोनों के चार बच्‍चे हैं। फोर्ब्‍स के मुताबिक बीते वर्ष अमेजन ने 232.8 अरब डॉलर (लगभग 16,010 अरब रुपए) का कारोबार किया और उनके परिवार ने 131 अरब डॉलर (9,109 अरब रुपए) की कमाई की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा