1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 2 BHK फ्लैट का ₹1.35 लाख रेंट, ₹4 लाख सिक्योरिटी, जगह इतनी कम कि कमोड के ऊपर लगाई वॉशिंग मशीन

2 BHK फ्लैट का ₹1.35 लाख रेंट, ₹4 लाख सिक्योरिटी, जगह इतनी कम कि कमोड के ऊपर लगाई वॉशिंग मशीन

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Sep 26, 2024 12:45 pm IST,  Updated : Sep 26, 2024 12:46 pm IST

मुबई के पाली हिल एरिया में एक 2 बीएचके फ्लैट का किराया 1.35 लाख रुपये महीना है। इसके अलावा आपको 4 लाख रुपये सिक्योरिटी और 1.4 लाख रुपये ब्रोकरेज भी देना होगा।

मुंबई में फ्लैट्स- India TV Hindi
मुंबई में फ्लैट्स Image Source : REUTERS

रोटी, कपड़ा और मकान, ये तीन इंसान की मूलभूत जरूरतें होती हैं। लेकिन घर किराये पर लेने के लिए सालभर की सैलरी देनी पड़े, तो कैसे काम चलेगा। मुंबई में कुछ ऐसा ही हो रहा। इस शहर में फ्लैट का रेंट, सिक्योरिटी और ब्रोकरेज देने में अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। 'सपनों के शहर' मुंबई में बड़ी संख्या में लोग अपने सपने पूरे करने जाते हैं। लेकिन सीमित जमीन और बढ़ी हुई आबादी के चलते इस शहर में छत का जुगाड़ कर पाना मुश्किल हो रहा है।

हर इंच जगह बचाते हैं मुंबईकर

मुंबई में छोटे-छोटे फ्लैट्स का ही इतना किराया है कि छोटे भारतीय शहरों में उतने में पूरा बंग्ला रेंट पर आ जाए। महंगे किराए के चलते मुंबईकर हर इंच जगह बचाने की कोशिश करते हैं। छोटे से फ्लैट्स में ही कई लोग रह रहे होते हैं। सोशल मीडिया पर इस समय एक पोस्ट बहुत वायरल हो रही है। एक्स पर एक यूजर उत्कर्ष गुप्ता ने कुछ ऐसा पोस्ट किया, जिसे देखकर लोग हैरान हैं। उत्कर्ष मुंबई के पॉश इलाके पाली हिल में फ्लैट तलाश रहे थे। इस दौरान उन्हें एक ऐसा फ्लैट दिखा जिसे देखकर वे चौंक गए।

1.35 लाख रुपये महीना किराया

उत्कर्ष ने अपनी पोस्ट में बाथरूम की एक फोटो पोस्ट की है। फोटो में एक छोटा सा वॉशरूम दिख रहा है, जहां कमोड के ऊपर एक वॉशिंग मशीन फिट की गई है। अब इससे भी अधिक अचरज करने वाली बात यह है कि इस 2 बीएचके फ्लैट का किराया 1.35 लाख रुपये महीने है। इसके अलावा आपको 4 लाख रुपये सिक्योरिटी और 1.4 लाख रुपये ब्रोकरेज भी देना होगा।

लोग हो रहे हैरान

उत्कर्ष ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'केवल मुंबई में ही आप ऐसा देख सकते हो कि कमोड के ऊपर वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने पड़ें, वो भी सिर्फ 1.35 लाख रुपये महीने के किफायती दाम पर!' इस पोस्ट पर यूजर्स ने काफी हैरानी जताई है। एक यूजर ने लिखा, 'पाली हिल में सब कुछ जायज है।' मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फ्लैट Housing.com पर लिस्ट है। यह आठ मंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर बना है। फ्लैट का एरिया 850 वर्ग फुट है। फ्लैट में दो बेडरूम, दो बाथरूम और कोई बालकनी नहीं है। यह फर्निश्ड फ्लैट है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा