देशभर में बैंक कर्मचारियों की आज हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा है। पांच दिन का वर्किंग वीक लागू करने और वेतन से जुड़ी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग को लेकर शुक्रवार को UFBU ने देशव्यापी हड़ताल बुलाई। मध्य प्रदेश में करीब 7000 बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। बैंक कर्मचारियों के संगठन के मुताबिक, इससे राज्य में करीब ₹5,500 करोड़ के रोजाना कारोबार पर असर पड़ा।
मध्य प्रदेश में पब्लिक सेक्टर के बैंकों की बड़ी संख्या में शाखाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से बंद रहीं। कर्मचारियों और अधिकारियों के हड़ताल में शामिल होने के कारण रोजाना होने वाले कई बैंकिंग काम प्रभावित हुए। इससे ग्राहकों को शाखाओं पर जाकर किए जाने वाले जरूरी कामों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
कैश और चेक से जुड़े काम प्रभावित
हड़ताल का सबसे ज्यादा असर शाखाओं पर होने वाली सर्विस पर पड़ा। कैश जमा करने और निकालने, चेक क्लियरेंस और प्रशासनिक काम जैसे काम प्रभावित हुए। देशभर में ज्यादातर सरकारी बैंकों की शाखाओं में कामकाज बाधित रहा। कुछ पुराने प्राइवेट सेक्टर के बैंकों पर भी हड़ताल का असर देखने को मिला। हालांकि, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और दूसरी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं चालू रहीं। यानी ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने और कई डिजिटल लेनदेन करने वाले ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
प्राइवेट बैंकों पर नहीं पड़ा खास असर
UFBU में सात बैंक यूनियन शामिल हैं और यह बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों के करीब 90 फीसदी हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है। हालांकि, हड़ताल का असर मुख्य रूप से पब्लिक सेक्टर के बैंकों पर रहा। प्राइवेट सेक्टर के बैंकों का सामान्य कामकाज प्रभावित नहीं हुआ।
पांच दिन का वर्किंग वीक मुख्य मांग
बैंक यूनियन सभी शनिवार को छुट्टी घोषित करने की मांग कर रहे हैं। मार्च 2024 में हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते में इस मुद्दे पर सहमति बनने की बात कही गई थी, लेकिन सरकार की अधिसूचना का इंतजार है। फिलहाल बैंक महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को खुले रहते हैं। इसके अलावा पेंशन में सुधार, सभी पेंशनरों के लिए एक समान महंगाई भत्ता फॉर्मूला और NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में जाने का ऑप्शन देने जैसी मांगें भी लंबित हैं।
SBI ने ग्राहकों को किया अलर्ट
देश के बड़े सरकारी बैंकों ने पहले ही ग्राहकों को हड़ताल के संभावित असर की जानकारी दी थी। SBI ने भी कहा था कि बैंक ने सामान्य कामकाज बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं, लेकिन हड़ताल के कारण सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- बैंक कर्मचारियों के लिए PLI योजना को लागू करने का फैसला स्थगित, सरकार से की गई ये मांगें