1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बिहार चुनाव से पहले एक और खुशखबरी! पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ी है खबर, इस जिले को होगा सीधा फायदा

बिहार चुनाव से पहले एक और खुशखबरी! पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ी है खबर, इस जिले को होगा सीधा फायदा

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Jul 03, 2025 02:09 pm IST,  Updated : Jul 03, 2025 02:09 pm IST

बिहार के क्षेत्र में यानी पंचदेवरी, कटैया और भोरे में टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश की तरफ के हिस्से में इस हाइवे को बनाने का काम तेजी से जारी है।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे। (फाइल)- India TV Hindi
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे। (फाइल) Image Source : FILE

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से बहुत जल्द एनएच-27 जुड़ जाएगा। इसके लिए एक नए हाईवे एनएच-727बी का निर्माण किया जा रहा है। यह नया हाइवे उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार के गोपालगंज के भोरे इलाके से होते हुए गुजरेगा। ऐसे में बिहार चुनाव से पहले इन इलाकों के लोगों को अच्छी खबर मिलने वाली है। लोगों को काफी सहूलियत होने वाली है। प्रभात खबर की खबर के मुताबिक, एनएच-727बी का निर्माण कार्य अब पंचदेवरी, कटैया और भोरे में भी जल्द शुरू हो जाएगा। आपको बता दें, उत्तर प्रदेश की तरफ के हिस्से में इस हाइवे को बनाने का काम तेजी से जारी है। इस हाइवे का निर्माण एनएनएआई की देखरेख में हरियाण की कंपनी KCPL कर रही है। 

टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू हो जाएगा

खबर के मुताबिक, बिहार के क्षेत्र में यानी पंचदेवरी, कटैया और भोरे में टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू हो जाएगा। मध्य प्रदेश की कंपनी एन-एल मालवीय सर्वे का काम पूरा कर सड़क परिवहन व राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है। आगे की कार्यवाही शुरू होते ही उन किसानों को मुआवजा देने का काम भी शुरू किया जाएगा, जिनकी जमीन या घर सड़क में आ रहे हैं। जमीन अधिग्रहण के लिए गोपालगंज के भोरे-तमकुही की मेन रोड से पेड़ों को काटना शुरू कर दिया गया है। जिन गांवों से होकर ये हाईवे गुजरेगा वहां के सभी किसानों की एक लिस्ट तैयार की जा रही है।

रास्ते में आ रहे हैं इन गांवों के नदी-नाला और पुलिया

नया हाइवे बिहार के तमकुही NH-27 से गोपालगंज के तीन प्रखंडों पंचदेवरी, कटेया और भोरे होते हुए फिर से यूपी के सलेमपुर तक जाएगा और यह फिर सीधा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में मिल जाएगा। इस हाइवे में आने वाले गोपालगंज के पांच गांव- पाखोपाली, भानपुर, रुदलपुर, मलचौर और सिसई की पहचान की गई है। नक्शा तैयार होने के बाद यहां के निवासियों को नोटिस देना शुरू कर दिया जाएगा। 

बदल जाएगी पश्चिमांचल की तस्वीर

NH-27 के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के साथ कनेक्ट होने के बाद पश्चिमांचल की तस्वीर बदल जाएगी। खबर के मुताबिक, पंचदेवरी, कटैया और भोरे के स्थानीय लोगों को सीधा फायदा मिलने वाला है। इन इलाकों के शैक्षणिक, आर्थिक व सांस्कृतिक विकास में काफी तेजी आएगी। यातायात बढ़ेंगे जिसका फायदा यहां के कारोबारियों को होगा। रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे। हाइवे के किनारे की जमीनों की कीमतें बढ़ जाएंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।