1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अडाणी ग्रुप ने 2024-25 में चुकाया 74,945 करोड़ रुपये का टैक्स, इन कंपनियों ने की सबसे ज्यादा पेमेंट

अडाणी ग्रुप ने 2024-25 में चुकाया 74,945 करोड़ रुपये का टैक्स, इन कंपनियों ने की सबसे ज्यादा पेमेंट

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 05, 2025 11:23 am IST,  Updated : Jun 05, 2025 05:10 pm IST

ग्रुप ने बताया कि उनकी लिस्टेड कंपनियों में शामिल अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल), अडाणी सीमेंट लिमिटेड (एसीएल), अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) और अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने सबसे ज्यादा टैक्स का भुगतान किया।

adani, adani group, gautam adani, adani enterprises, adani group tax payment, adani total gas, Adani- India TV Hindi
अडाणी ग्रुप ने वित्त वर्ष 2025 में कुल 74,945 करोड़ रुपये के टैक्स का भुगतान किया Image Source : GAUTAM ADANI

अडाणी ग्रुप की कंपनियों ने वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 74,945 करोड़ रुपये के टैक्स का भुगतान किया, जो वित्त वर्ष 2023-24 में भुगतान किए गए टैक्स से करीब 29 प्रतिशत ज्यादा है। ग्रुप ने वित्त वर्ष 2023-24 में कुल 58,104 करोड़ रुपये के टैक्स का भुगतान किया था। अडाणी ग्रुप द्वारा भुगतान किए गए 74,945 करोड़ रुपये के टैक्स में डायरेक्ट और इनडायरेक्ट टैक्स के साथ ही कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए किए गए भुगतान भी शामिल हैं। बताते चलें कि ग्रुप ने वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर जबरदस्त मुनाफा कमाया था।

सबसे ज्यादा टैक्स चुकाने वाली कंपनियों में कौन-से नाम शामिल

अडाणी ग्रुप ने एक बयान में कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025 (अप्रैल 2024 से मार्च 2025) के लिए लिस्टेड कंपनियों के माध्यम से अडाणी ग्रुप का सरकारी खजाने में कुल योगदान 29 प्रतिशत बढ़कर 74,945 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 58,104 करोड़ रुपये था।’’ ग्रुप ने बताया कि उनकी लिस्टेड कंपनियों में शामिल अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल), अडाणी सीमेंट लिमिटेड (एसीएल), अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) और अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने सबसे ज्यादा टैक्स का भुगतान किया। 

कंपनी ने अपने स्टेटमेंट में और क्या कहा है

कंपनी के स्टेटमेंट में कहा गया, ‘‘ग्रुप की 7 लिस्टेड कंपनियों- अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड, अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड, अडाणी पावर लिमिटेड, अडाणी टोटल गैस लिमिटेड और अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड द्वारा जारी किए गए स्वतंत्र वार्षिक रिपोर्ट के आंकड़े इसमें शामिल हैं।’’ इस आंकड़े में तीन अन्य लिस्टेड कंपनियों एनडीटीवी, एसीसी और सांघी इंडस्ट्रीज द्वारा चुकाया गया टैक्स भी शामिल है जिनका नियंत्रण उक्त 7 कंपनियों के पास है।

अडाणी ग्रुप के शेयरों की आज कैसी स्थिति है

खबर लिखे जाने तक, गुरुवार को अडाणी ग्रुप की ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन, अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, अडाणी पावर, अडाणी ग्रीन सॉल्यूशन्स, अडाणी टोटल गैस, एसीसी लिमिटेड, अंबुजा सीमेंट के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

पीटीआई इनपुट्स के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा