1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बिहार में 3 अरब डॉलर का निवेश करेगा अडाणी पावर, BSPGCL के साथ 25 साल के PSA पर किए हस्ताक्षर

बिहार में 3 अरब डॉलर का निवेश करेगा अडाणी पावर, BSPGCL के साथ 25 साल के PSA पर किए हस्ताक्षर

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 13, 2025 02:44 pm IST,  Updated : Sep 13, 2025 02:44 pm IST

अडाणी पावर ने 6.075 रुपये प्रति किलोवाट घंटा की न्यूनतम आपूर्ति दर की पेशकश करके ये परियोजना हासिल की। कंपनी ने कहा कि वे नए प्लांट और उससे संबंधित अवसंरचना के निर्माण के लिए लगभग तीन अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है।

adani power, adani power projects, adani power projects in bihar, adani, adani group- India TV Hindi
60 महीनों के अंदर प्लांट चालू करने का है लक्ष्य Image Source : PTI

अडाणी पावर बिहार में 3 अरब डॉलर (करीब 26,482 करोड़ रुपये) के निवेश से 2,400 मेगावाट का अत्याधुनिक पावर प्लांट स्थापित करेगी। अडाणी ग्रुप की कंपनी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि उसने बिहार राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) के साथ 25 साल के विद्युत आपूर्ति समझौते (PSA) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत राज्य के भागलपुर जिले के पीरपैंती में स्थापित होने वाली परियोजना से बिजली की आपूर्ति की जाएगी। 

6.075 रुपये प्रति किलोवाट घंटा के रेट पर हुई डील

ये पीपीए, अगस्त में उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) और दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) की ओर से BSPGCL द्वारा अडाणी पावर को जारी किए गए स्वीकृति पत्र से अलग है। अडाणी पावर ने 6.075 रुपये प्रति किलोवाट घंटा की न्यूनतम आपूर्ति दर की पेशकश करके ये परियोजना हासिल की। कंपनी ने कहा कि वे नए प्लांट और उससे संबंधित अवसंरचना के निर्माण के लिए लगभग तीन अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है। 

60 महीनों के अंदर प्लांट चालू करने का है लक्ष्य

ये परियोजना डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, स्वामित्व और संचालन मॉडल के तहत विकसित की जाएगी। कंपनी का लक्ष्य है कि प्लांट को 60 महीनों (5 साल) के भीतर चालू कर दिया जाए। विद्युत संयंत्र के लिए कोयला लिंकेज भारत सरकार की शक्ति नीति के अंतर्गत आवंटित किया गया है। इस परियोजना से निर्माण चरण के दौरान 10,000-12,000 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होगा तथा परिचालन शुरू होने पर 3,000 लोगों के लिए रोजगार सृजित होगा।

शुक्रवार को जोरदार तेजी के साथ बंद हुए थे शेयर

शुक्रवार को बीएसई पर अडाणी पावर के शेयर 24.20 रुपये (3.88%) की जोरदार तेजी के साथ 648.65 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। कल कारोबार के दौरान, कंपनी के शेयर 628.10 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 650.05 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बीएसई के डेटा के मुताबिक, अडाणी पावर के शेयरों का 52 वीक हाई 681.30 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 430.85 रुपये है। अडाणी पावर का मौजूदा मार्केट कैप 2,50,180.34 करोड़ रुपये है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा