1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Air India ने पायलट और स्टॉफ को दी ये खुशखबरी, पायलट और स्टाफ की रिटायरमेंट उम्र इतनी बढ़ाई गई

Air India ने पायलट और स्टॉफ को दी ये खुशखबरी, पायलट और स्टाफ की रिटायरमेंट उम्र इतनी बढ़ाई गई

 Published : Aug 09, 2025 12:08 am IST,  Updated : Aug 09, 2025 12:08 am IST

Air India का यह कदम न केवल एयरलाइंस की आंतरिक मानव संसाधन नीतियों को संतुलित करेगा, बल्कि पायलटों की कमी और अनुभव बनाए रखने के लिए भी मददगार साबित हो सकता है।

एयर इंडिया के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने एक आंतरिक टाउनहॉल मीटिंग में इसकी घोषणा की- India TV Hindi
एयर इंडिया के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने एक आंतरिक टाउनहॉल मीटिंग में इसकी घोषणा की। Image Source : AIR INDIA

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने अपने कर्मचारियों के लिए सेवानिवृत्ति की उम्र में बड़ा बदलाव किया है। अब एयरलाइन के पायलट 65 साल और नॉन-फ्लाइंग स्टाफ 60 साल की उम्र तक सेवा में बने रह सकेंगे। अभी तक दोनों वर्गों के लिए रिटायरमेंट की उम्र 58 वर्ष निर्धारित थी। पीटीआई की खबर के मुताबिक, यह अहम घोषणा एयर इंडिया के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने एक आंतरिक टाउनहॉल मीटिंग के दौरान की। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रेस बयान जारी नहीं किया गया है।

विस्तारा के साथ पॉलिसी में समरूपता

इस फैसले को एयर इंडिया और विस्तारा के विलय के बाद रिटायरमेंट नीतियों को एक समान करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। विस्तारा में पहले से ही पायलटों की सेवा-समाप्ति आयु 65 वर्ष और नॉन-फ्लाइंग स्टाफ के लिए 60 वर्ष निर्धारित थी।

कैबिन क्रू को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

फिलहाल एयर इंडिया में कैबिन क्रू की रिटायरमेंट उम्र भी 58 साल है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनके लिए भी यह सीमा बढ़ाई गई है या नहीं। वर्तमान में एयर इंडिया में लगभग 24,000 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से करीब 3,600 पायलट और 9,500 कैबिन क्रू शामिल हैं।

डीजीसीए नियमों के अनुरूप फैसला

हालांकि पहले से ही कुछ पायलटों का कार्यकाल डीजीसीए द्वारा अनुमत अधिकतम उम्र सीमा 65 साल तक बढ़ा दिया जाता था, लेकिन अब यह नियम स्थायी रूप से लागू कर दिया गया है।

नवंबर 2024 में हुआ था विस्तारा का विलय

गौरतलब है कि नवंबर 2024 में विस्तारा, जो टाटा समूह और सिंगापुर एयरलाइंस का संयुक्त उद्यम था, का एयर इंडिया में विलय हो चुका है। उस विलय के बाद से ही सेवानिवृत्ति की अलग-अलग उम्र को लेकर एयर इंडिया के कुछ पायलटों में असंतोष देखा गया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा