1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अब अमृतसर एयरपोर्ट पर ही मिलेगी इमिग्रेशन और चेक-इन की पूरी सुविधा, दिल्ली में नहीं खाने होंगे धक्के

अब अमृतसर एयरपोर्ट पर ही मिलेगी इमिग्रेशन और चेक-इन की पूरी सुविधा, दिल्ली में नहीं खाने होंगे धक्के

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 28, 2026 11:42 am IST,  Updated : Jul 28, 2026 11:42 am IST

एयर इंडिया ने मंगलवार को अमृतसर से H&S मॉडल के तहत फ्लाइट शुरू कर दीं। वाराणसी के बाद ये दूसरा एयरपोर्ट है जहां से इस मॉडल के तहत फ्लाइट्स का ऑपरेशन शुरू किया गया है।

Hub and Spoke Model, amritsar airport, delhi airport, air india, air india international flights- India TV Hindi
एयर इंडिया Image Source : AIR INDIA

सरकार ने इंटरनेशनल एयर कनेक्टिविटी को आसान और मजबूत बनाने के लिए देश के 4 हब एयरपोर्ट समेत कुल 44 एयरपोर्ट का नेटवर्क डेवलप कर रही है। भारत को ग्लोबल एविएशन हब बनाने की इस स्कीम के तहत हब एयरपोर्ट के माध्यम से छोटे और मझोले शहरों के एयरपोर्ट को विदेशी गंतव्यों से डायरेक्ट जोड़ा जाएगा। अमृतसर एयरपोर्ट पर Hub and Spoke (H&S) मॉडल की शुरुआत हो गई है।

एयर इंडिया ने H&S मॉडल के तहत शुरू की फ्लाइट्स

एयर इंडिया ने मंगलवार को अमृतसर से H&S मॉडल के तहत फ्लाइट शुरू कर दीं। वाराणसी के बाद ये दूसरा एयरपोर्ट है जहां से इस मॉडल के तहत फ्लाइट्स का ऑपरेशन शुरू किया गया है। एचएंडएस मॉडल के तहत छोटे एयरपोर्ट यानी 'स्पोक' से यात्रियों को बड़े एयरपोर्ट यानी 'हब' के जरिए अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंचने की सुविधा दी जाती है। फिलहाल, एक 'हब' एयरपोर्ट (दिल्ली) और दो 'स्पोक' एयरपोर्ट (वाराणसी और अमृतसर) हैं। अगले चरण में अब अहमदाबाद में 'स्पोक' एयरपोर्ट डेवलप किया जाएगा। 

अमृतसर में ही हो जाएगा सारा काम 

इस खास मौके पर नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि हब एंड स्पोक मॉडल भारत के लिए विमानन संप्रभुता और अवसर का मॉडल है। उन्होंने कहा, ''अगर पंजाब से किसी यात्री को लंदन, टोरंटो या दुबई जाना होता था, तो उन्हें पहले दिल्ली पहुंचना पड़ता था, अपना सामान दोबारा संभालना पड़ता था, लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ता था और इमिग्रेशन से गुजरना पड़ता था। इस भागदौड़ में आधा दिन निकल जाता था। लेकिन अब, यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पर ही इमिग्रेशन और चेक-इन पूरा कर लेंगे। आपका सामान अमृतसर में ही चेक-इन हो जाएगा और सीधे आपकी इंटरनेशनल डेस्टिनेशन तक पहुंच जाएगा, जहां आप उसे प्राप्त कर सकेंगे। चेक-इन, इमिग्रेशन, कस्टम्स और बैगेज ड्रॉप-ऑफ सब अमृतसर में ही होगा। दिल्ली में, आप सिर्फ अपनी कनेक्टिंग इंटरनेशनल फ्लाइट पकड़ेंगे।''

4 हब और 40 स्पोक एयरपोर्ट किए जाएंगे डेवलप

अमृतसर एयरपोर्ट पर हब एंड स्पोक मॉडल की फ्लाइट्स की शुरुआत के मौके पर सिविल एविएशन सेक्रेटरी समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि 4 हब और 40 स्पोक एयरपोर्ट डेवलप किए जाएंगे। इस मॉडल के तहत एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के माध्यम से 27 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन्स के लिए डायरेक्ट फ्लाइट उपलब्ध कराएगी। 

दिल्ली पहुंचने के 4 घंटे के अंदर उपलब्ध कराई जाएगी सुविधा

एयर इंडिया ने कहा कि अमृतसर से ईजी कनेक्ट फ्लाइट्स के जरिए दिल्ली पहुंचने के 4 घंटे के अंदर यात्रियों को अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के शहरों समेत कुल 27 विदेशी गंतव्यों तक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। एयर इंडिया ने मंगलवार से अमृतसर से प्रतिदिन ईजी कनेक्ट की दो फ्लाइट्स शुरू की हैं। एयर इंडिया आने वाले सप्ताह में अहमदाबाद, गोवा, कोच्चि और अन्य भारतीय शहरों से भी ऐसी फ्लाइट्स शुरू करेगा। पहली ईजी कनेक्ट फ्लाइट 25 जून को वाराणसी से शुरू की गई थी। 

ये भी पढ़ें

गुजरात के वलसाड में पटरी से उतरी पैसेंजर ट्रेन, भिलाड स्टेशन पहुंचते समय हुआ हादसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा