1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. वंदे भारत जैसी रफ्तार लेकिन कम लगेगा पैसा, आ गई केसरिया रंग की अमृत भारत एक्सप्रेस, जानिए फीचर्स

वंदे भारत जैसी रफ्तार लेकिन कम लगेगा पैसा, आ गई केसरिया रंग की अमृत भारत एक्सप्रेस, जानिए फीचर्स

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Dec 25, 2023 07:52 pm IST,  Updated : Dec 25, 2023 07:52 pm IST

Amrit bharat express : पीएम मोदी 30 दिसंबर को 2 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने जा रहे हैं। इन ट्रेनों का कलर केसरिया होगा। स्पीड वंदे भारत की तरह ही 130 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। लेकिन किराया कम होगा।

अमृत भारत ट्रेन- India TV Hindi
अमृत भारत ट्रेन Image Source : FILE

मोदी सरकार रेल नेटवर्क पर काफी तेजी से काम कर रही है। वंदे भारत इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। सफेद और नीले कलर की यह ट्रेन अपनी रफ्तार और सुविधाओं के चलते काफी पसंद की जा रही है। हालांकि, इसका किराया एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में ज्यादा है। लेकिन अब भारतीय रेलवे वंदे भारत जैसी रफ्तार, लेकिन कम किराये वाली नई ट्रेनें लेकर आई है। इसका नाम अमृत भारत एक्सप्रेस (Amrit Bharat Express Train) है। ये नई ट्रेनें आपको जल्द ही पटरी पर दौड़ती हुई दिखेंगी। इन ट्रेनों में स्लीपर कोच भी होंगे। ये ट्रेनें केसरिया रंग की होंगी।

30 दिसंबर को लॉन्च होंगी 2 अमृत भारत एक्सप्रेस

वंदे भारत ट्रेन और अमृत भारत ट्रेन की रफ्तार एक जैसी होगी। ये नई ट्रेनें भी 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी। प्रधानमंत्री मोदी कुछ दिन बाद 30 दिसंबर को पहली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। यह अमृत भारत एक्सप्रेस अयोध्या को सीता माता के जन्मस्थल बिहार के सीतामढ़ी से जोड़ेगी। इस ट्रेन का रूट बिहार के दरभंगा से अयोध्या होते हुए दिल्ली तक होगा। पीएम मोदी 30 दिसंबर को ही एक और अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन मालदा से बेंगलुरू तक जाएगी। इसके अलावा पीएम मोदी 5 नई वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

 

अमृत भारत एक्सप्रेस में हैं बेहतरीन फीचर्स

केसरिया रंग की अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कई बेहतरीन फीचर्स हैं। यह पुश-पुल तकनीक वाली ट्रेन है, जो बहुत जल्दी रफ्तार पकड़ लेती है। इस ट्रेन के दोनों तरफ इंजन है। इस ट्रेन में 22 कोच हैं। इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल कोच हैं। अमृत भारत ट्रेन में 8 जनरल सेकेंड क्लास कोच होंगे, ये अनारक्षित यात्रियों के लिए होंगे। 12 सेकेंड क्लास 3-टियर स्लीपर कोच होंगे और 2 गार्ड कंपार्टमेंट होंगे। इस ट्रेन में कुल 1800 यात्री सफर कर सकेंगे।  ट्रेन में सुविधाएं वंदे भारत जैसी ही आधुनिक हैं। यात्रियों को इस ट्रेन में सीसीटीवी कैमरा, अत्याधुनिक शौचालय, सेंसर वाले वाटर टैप और अनाउंसमेंट सिस्टम भी मिलेगा।

कम होगा किराया

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का किराया वंदे भारत ट्रेन की तुलना में कम होगा। रेलवे ने ये ट्रेनें निम्न आय वर्ग वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए बनाई है। इसलिए इसका किराया कम रखा गया है। हालांकि, इस ट्रेन में काफी सारी आधुनिक सुविधाएं हैं।

5 नई वंदे भारत ट्रेनें भी होंगी शुरू

पीएम मोदी 30 दिंसबर को 2 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ ही 5 वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इन 5 नई वंदे भारत ट्रेनों में  अयोध्या-आनंद विहार, नई दिल्ली-वैष्णो देवी, अमृतसर-नई दिल्ली, जालना-मुंबई और कोयंबटूर-बेंगलुरू वंदे भारत शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा