अनिल अंबानी की कंपनियां अब पहले के मुकाबले काफी अच्छी परिस्थितियों में नजर आ रही हैं। अनिल अंबानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी रिलायंस पावर अब तेजी से अपने बिजनेस को एक्सपेंड करने की कोशिशों में जुट गई है। इसी कड़ी में, अनिल अंबानी की रिलायंस पावर लिमिटेड 1500 मेगावाट की गैस आधारित बिजली परियोजना स्थापित करने की योजना बना रही है। पीटीआई के सूत्रों ने बताया कि कंपनी इस मामले में अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय बोलियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। सूत्रों ने बताया कि रिलायंस पावर ने कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और मलेशिया में गैस आधारित बिजली परियोजनाओं के लिए बोलियां दाखिल की हैं।
रिलायंस पावर ने भूटान में हासिल किए दो पावर प्रोजेक्ट
बताते चलें कि अनिल अंबानी की पावर कंपनी ने हाल ही में भूटान में दो बड़े पावर प्रोजेक्ट हासिल किए हैं। इनमें एक 500 मेगावाट का सोलर प्रोजेक्ट है जबकि दूसरा 770 मेगावाट का हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट है। प्रस्तावित परियोजना से रिलायंस पावर के बही-खाते में महत्वपूर्ण बदलाव आने की उम्मीद है क्योंकि कंपनी का उद्देश्य इन परिसंपत्तियों का मौद्रीकरण करके 2000 करोड़ रुपये लाने का है। इस मामले में संपर्क करने पर रिलायंस पावर के प्रवक्ता ने वैश्विक बोलियों में कंपनी के हिस्सा लेने की खबरों की पुष्टि भी कर दी है।
बाजार में गिरावट के बीच कंपनी के शेयरों में तेजी
रिलायंस पावर की इन कोशिशों को देखते हुए कंपनी के शेयरों में भी तेजी आने की उम्मीद है। सोमवार को बाजार में गिरावट के बीच रिलायंस पावर के शेयर लगातार हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। 30 जून को दोपहर 02:05 बजे रिलायंस पावर के शेयर बीएसई पर 0.40 रुपये (0.58%) की तेजी के साथ 69.40 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। बताते चलें कि आज कारोबार के दौरान रिलायंस पावर के शेयर 71.70 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। कंपनी के शेयर आज 68.55 रुपये के इंट्राडे लो तक भी पहुंचे। बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 76.49 रुपये और 52 वीक लो 25.76 रुपये है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।