1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इस साल कितने पर्सेंट होगा आपका इंक्रीमेंट, हो गया बड़ा खुलासा

इस साल कितने पर्सेंट होगा आपका इंक्रीमेंट, हो गया बड़ा खुलासा

 Published : Mar 22, 2023 08:51 am IST,  Updated : Mar 22, 2023 08:51 am IST

सबसे तगड़े इंक्रीमेंट की बात करें तो ई-कॉमर्स, पेशेवर सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सबसे तेज वृद्धि देखने को मिल सकती है।

salary hike- India TV Hindi
salary hike Image Source : FILE

अप्रैल के करीब आते ही लगभग सभी कंपनियों में सैलरी इंक्रीमेंट का प्रोसेस शुरू हो गया है। संभव है एचआर डिपार्टमेंट ने आपसे भी असेसमेंट फॉर्म भरवा लिया होगा। कर्मचारियों में इस समय यही चर्चा होती है कि इस बार कितना इंक्रीमेंट होगा। इस बीच एक ताजा रिपोर्ट में भारतीय कंपनियों द्वारा की जाने वाली वेतन वृद्धि का अनुमान पेश कर दिया गया है। इसके तहत देश में निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन में 2023 में औसतन 10.2 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। 

जानिए किन सेक्टर्स में होगा तगड़ा इंक्रीमेंट 

पेशेवर सेवाएं देने वाली ईवाई की रिपोर्ट ‘फ्यूचर ऑफ पे’ 2023 में कहा गया है कि देश में 2023 में वेतन में औसतन 10.2 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। यह 2022 में औसतन 10.4 प्रतिशत की तुलना में कम है। लेकिन इसके बावजूद दहाई अंक में है। सबसे तगड़े इंक्रीमेंट की बात करें तो ई-कॉमर्स, पेशेवर सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सबसे तेज वृद्धि देखने को मिल सकती है। ई-कॉमर्स क्षेत्र में सबसे ज्यादा 12.5 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। उसके बाद पेशेवर सेवाओं में 11.9 प्रतिशत तथा आईटी क्षेत्र में 10.8 प्रतिशत वृद्धि की संभावना है। 

पिछले साल से कम होगा इंक्रीमेंट 

इसमें कहा गया है कि इस साल वेतन में अनुमानित वृद्धि सभी क्षेत्रों में देखने को मिलेगी, जो 2022 की तुलना में मामूली कम होगी। हालांकि, कल-कारखानों में काम करने वाले कामगारों के मामले में इस साल वेतन में 2022 की तुलना में कम वृद्धि की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा जिन क्षेत्रों में वेतन में वृद्धि की उम्मीद है, वे सभी प्रौद्योगिकी से जुड़े हैं। ईवाई की रिपोर्ट सर्वे पर आधारित है। यह सर्वे दिसंबर, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच किया गया। इसमें देश में मझोले से लेकर बड़े संगठनों के 150 मुख्य मानव संसाधन अधिकारी शामिल हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा