1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. उत्तराखंड समेत 3 राज्यों में 16 जुलाई को बंद रहेंगे बैंक, देखें RBI की हॉलिडे लिस्ट

उत्तराखंड समेत 3 राज्यों में 16 जुलाई को बंद रहेंगे बैंक, देखें RBI की हॉलिडे लिस्ट

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jul 15, 2026 10:31 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 10:38 pm IST

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की आधिकारिक हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक कल यानी 16 जुलाई को देश के तीन राज्यों में सभी सरकारी व प्राइवेट बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में किसी भी असुविधा से बचने के लिए घर से निकलने से पहले छुट्टियों की यह लिस्ट जरूर देख लें।

16 जुलाई को 3 राज्यों में...- India TV Hindi
16 जुलाई को 3 राज्यों में बैंकों की छुट्टी Image Source : CANVA

अगर आपको कल यानी 16 जुलाई 2026 को बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो यह खबर आपके लिए ही है। देश के तीन राज्यों में 16 जुलाई को बैंकों में छुट्टी रहने वाली है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की आधिकारिक हॉलिडे लिस्ट के अनुसार, स्थानीय त्योहारों और सांस्कृतिक उत्सवों के चलते उत्तराखंड, ओडिशा और मणिपुर में सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में बिना तैयारी के घर से बाहर निकलने पर आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

क्यों बंद रहेंगे कल इन तीन राज्यों में बैंक?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) प्रत्येक राज्य के स्थानीय त्योहारों और विशेष अवसरों के आधार पर बैंक की छुट्टियों की लिस्ट तैयार करता है। 16 जुलाई को इन तीन राज्यों में निम्नलिखित महत्वपूर्ण त्योहार मनाए जाएंगे, जिसके कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

  1. ओडिशा: ओडिशा के पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा कल से शुरू हो रही है। यह देश के सबसे बड़े और आस्था से जुड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें शामिल होने के लिए लाखों श्रद्धालु जुटते हैं। इस पावन अवसर पर पूरे ओडिशा में बैंकों में अवकाश घोषित किया गया है।
  2. उत्तराखंड: कुमाऊं क्षेत्र में मानसून के आगमन, नई फसल और हरियाली के स्वागत का प्रतीक हरेला त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। प्रकृति पूजन और पर्यावरण संरक्षण के संदेश देने वाले इस लोकपर्व के दिन उत्तराखंड राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
  3. मणिपुर: यहां मनाए जाने वाले कांग उत्सव या कांग जात्रा को ओडिशा की रथ यात्रा का ही मणिपुरी रूप माना जाता है, जिसे कांग चिंगबा भी कहते हैं। इस महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पर्व के कारण मणिपुर राज्य में भी कल बैंक बंद रहेंगे।

देश के बाकी राज्यों में क्या रहेगा हाल?

उत्तराखंड, ओडिशा और मणिपुर के अलावा देश के अन्य सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 16 जुलाई को बैंकों का काम सामान्य रूप से चलेगा। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत बाकी राज्यों में सभी सरकारी व प्राइवेट बैंक खुले रहेंगे।

जुलाई 2026 में बैंकों की छुट्टी

जुलाई 2026 में 12 दिन बैंकों की छुट्टी है। रविवार पड़ने के कारण 5 और 12 को देशभर के सभी बैंक बंद थे और 19 व 26 जुलाई को बंद रहेंगे। इसके अलावा 11 जुलाई (दूसरा शनिवार) को पूरे देश में बैंक अवकाश थी और अब 25 जुलाई (चौथा शनिवार) को भी बैंक बंद रहेंगे। वहीं विभिन्न राज्यों में स्थानीय त्योहारों और विशेष अवसरों के चलते 6 और 9 जुलाई को संबंधित राज्यों में बैंक बंद थे, जबकि अब 16, 17, 18 और 22 जुलाई को भी संबंधित राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।

दिनांक कहां-कहां होगी छुट्टी
6 जुलाई मिजोरम
9 जुलाई मेघालय
16 जुलाई ओडिशा, उत्तराखंड और मणिपुर
17 जुलाई मेघालय
18 जुलाई सिक्किम
22 जुलाई त्रिपुरा

डिजिटल बैंकिंग चालू रहेंगी

बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद आपको पैसों के लेन-देन या अन्य जरूरी वित्तीय कामों के लिए परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। छुट्टियों के दौरान भी रेलवे यात्रियों और आम ग्राहकों के लिए सभी डिजिटल और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी।

यह भी पढ़ें- RBI का बड़ा प्रस्ताव! अब बैंकों और NBFCs को डेटा सुरक्षा पर रखना होगा खास ध्यान, नया फ्रेमवर्क होगा लागू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा