1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. डीजल के दाम में 20 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी, इस पेट्रोलियम कंपनी ने अपने ग्राहकों को दिया झटका

डीजल के दाम में 20 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी, इस पेट्रोलियम कंपनी ने अपने ग्राहकों को दिया झटका

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Oct 04, 2023 04:24 pm IST,  Updated : Oct 04, 2023 05:20 pm IST

हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमत में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इससे पेट्रोलियम कंपनियों पर दबाब बढ़ा है। इसकी भरपाई के लिए ईंधन के दाम में वृद्धि की जा रही है। अगर कच्चे तेल के दाम और बढ़े तो तमाम कंपनियां रेट बढ़ा सकती है।

Diesel - India TV Hindi
डीजल Image Source : FILE

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच पेट्रोलियम कंपनी शेल इंडिया ने हफ्ते भर से भी कम समय में डीजल की कीमतों में 20 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, सरकारी क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने लगातार 18वें महीने में भी कीमतों में कोई बदलाव या बढ़ोतरी नहीं की है। देश के अधिकांश हिस्से में सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल के पेट्रोल पंपों की ही बहुतायत होने से ग्राहकों को अभी पुरानी दर पर ही डीजल एवं पेट्रोल मिल रहे हैं। इन कंपनियों के कुल 79,204 पेट्रोल पंप देशभर में मौजूद हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल पिछले कई दिनों से 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है। इसे ध्यान में रखते हुए दुनिया की दूसरी बड़ी तेल एवं गैस कंपनी शेल की भारतीय इकाई ने पिछले हफ्ते ईंधन कीमत में रोजाना चार रुपये की बढ़ोतरी की। 

दक्षिण एवं पश्चिम भारत में अच्छी पकड़

पेट्रोलियम कंपनी शेल इंडिया की दक्षिण एवं पश्चिम भारत में अच्छी पकड़ है। कंपनी से जुड़े सूत्रों ने कहा कि इस बढ़ोतरी के बाद उसके पेट्रोल पंपों पर डीजल के दाम मुंबई में 130 रुपये और चेन्नई में 129 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। वहीं शेल के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल का भाव 117-118 रुपये प्रति लीटर चल रहा है। शेल के देशभर में 346 पेट्रोल पंप हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल वितरक कंपनियों के पेट्रोल पंप पर डीजल एवं पेट्रोल के भाव इससे कहीं कम हैं। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों के पेट्रोल पंप पर मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपये जबकि चेन्नई में 102.63 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। 

एक और बढ़ोतरी की तैयारी 

डीलरों का कहना है कि शेल के पेट्रोल पंप पर डीजल के दाम में चार रुपये प्रति लीटर की एक और बढ़ोतरी होने वाली है। ऐसा होने पर मुंबई में बृहस्पतिवार को डीजल के दाम 134 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच जाएंगे। इस बारे में संपर्क किए जाने पर कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘शेल इंडिया डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की पुष्टि करती है। हम अपने ग्राहकों की परेशानियों को समझते हैं लेकिन हमें बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के चलते डीजल की कीमतें बढ़ाने का फैसला करना पड़ा है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा