1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कनाडा और EU का पलटवार, ट्रंप को दिया झटका, कई प्रोडक्ट्स पर लगाएंगे जवाबी टैरिफ

कनाडा और EU का पलटवार, ट्रंप को दिया झटका, कई प्रोडक्ट्स पर लगाएंगे जवाबी टैरिफ

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Mar 13, 2025 12:40 pm IST,  Updated : Mar 13, 2025 12:42 pm IST

नए टैरिफ से कंपनियों को अरबों डॉलर का नुकसान होगा और दुनिया की दो प्रमुख व्यापार साझेदारियों में अनिश्चितता और बढ़ेगी। कंपनियां या तो नुकसान उठाएंगी और कम मुनाफा कमाएंगी या ज्यादा संभावना है कि वे लागत को उच्च कीमतों के रूप में उपभोक्ताओं पर डाल देंगी।

टैरिफ वॉर- India TV Hindi
टैरिफ वॉर Image Source : FILE

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एल्युमीनियम और स्टील के आयात पर बढ़ाए गए टैरिफ पर प्रमुख ट्रेड पार्टनर्स ने तुरंत पलटवार किया है। इन्होंने कपड़ा और ‘वाटर हीटर’ (पानी गर्म करने का उपकरण) से लेकर बीफ और बॉर्बन समेत कई अमेरिकी उत्पादों पर नए और कड़े टैक्स लगा दिए हैं। अमेरिका को स्टील और एल्युमीनियम के सबसे बड़े सप्लायर कनाडा ने कहा कि वह स्टील उत्पादों पर 25 फीसदी जवाबी टैरिफ लगाएगा। इसके अलावा उपकरण, कंप्यूटर और सर्वर, डिस्प्ले मॉनिटर, खेल उपकरण और कच्चा लोहा उत्पाद जैसे कई वस्तुओं पर टैक्स बढ़ाएगा।

EU भी बढ़ाएगा टैरिफ

वहीं, यूरोपीय यूनियन (EU) अमेरिकी बीफ, मुर्गी पालन, बॉर्बन और मोटरसाइकिल, पीनट बटर और कमोडिटी पर टैरिफ बढ़ाएगा। कुल मिलाकर, नए टैरिफ से कंपनियों को अरबों डॉलर का नुकसान होगा और दुनिया की दो प्रमुख व्यापार साझेदारियों में अनिश्चितता और बढ़ेगी। कंपनियां या तो नुकसान उठाएंगी और कम मुनाफा कमाएंगी या ज्यादा संभावना है कि वे लागत को उच्च कीमतों के रूप में उपभोक्ताओं पर डाल देंगी। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोप और अमेरिका में कीमतें बढ़ेंगी और नौकरियां दांव पर होंगी। वॉन डेर लेयेन ने कहा, “हमें इस फैसले पर गहरा अफसोस है। टैरिफ टैक्स हैं। वे व्यापार के लिए बुरे हैं और उपभोक्ताओं के लिए और भी बुरे हैं।”

ट्रंप से मिलने को तैयार कनाडा के भावी प्रधानमंत्री

कनाडा के भावी प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने बुधवार को कहा कि वह ट्रंप से मिलने के लिए तैयार हैं, बशर्ते वह ‘कनाडाई संप्रभुता के प्रति सम्मान’ दिखाएं और ‘व्यापार के लिए एक साझा और अधिक व्यापक दृष्टिकोण’ अपनाने के लिए तैयार हों। कार्नी शुक्रवार को शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के श्रमिकों की स्थिति तब बेहतर होगी जब ‘विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक और सुरक्षा साझेदारी का नवीनीकरण और पुनः शुभारंभ होगा। यह संभव है।’

(पीटीआई/भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा