1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. झटका: दिल्ली, मुंबई और गुजरात में CNG महंगी हुई, ढाई से सात रुपये तक बढ़े दाम

झटका: दिल्ली, मुंबई और गुजरात में CNG महंगी हुई, ढाई से सात रुपये तक बढ़े दाम

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 06, 2022 06:23 pm IST,  Updated : Apr 06, 2022 06:23 pm IST

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) में सीएनजी की कीमत अब 66.61 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

CNG- India TV Hindi
CNG Image Source : FILE

Highlights

  • मुंबई में सीएनजी की कीमत सात रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 67 रुपये हुई
  • पिछले एक महीने में दरों में कुल वृद्धि 10 रुपये प्रति किलोग्राम की हुई
  • अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी

नई दिल्ली। सरकार द्वारा प्राकृतिक गैस की कीमतों को रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ाने के बाद दिल्ली, मुंबई और गुजरात में सीएनजी की कीमतों में बुधवार को भारी बढ़ोतरी हुई है। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने मुंबई में संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमत सात रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 67 रुपये प्रति किलो कर दी है, जबकि गुजरात गैस ने दरों में 6.5 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर इसे 76.98 रुपये कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने सीएनजी की कीमत में 2.5 रुपये प्रति किलोग्राम की और वृद्धि की, जिससे पिछले एक महीने में दरों में कुल वृद्धि लगभग 10 रुपये प्रति किलोग्राम की हो गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) में सीएनजी की कीमत अब 66.61 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। आईजीएल राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सीएनजी और पाइप से रसोई गैस (पीएनजी) की खुदरा बिक्री करती है।

पीएनजी की कीमत में भारी वृद्धि 

एमजीएल के अनुसार, मुंबई में पाइप से दी जाने वाली रसोई गैस की कीमत भी बढ़ाकर 41 रुपये प्रति घन मीटर (प्रति इकाई) कर दी गई है। गुजरात गैस या आईजीएल द्वारा पीएनजी की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 41.61 रुपये प्रति इकाई है। मूल्यवर्धित कर (वैट) जैसे स्थानीय करों की वजह से कीमतें शहर-दर-शहर अलग अलग होती हैं। सरकार ने एक अप्रैल से प्राकृतिक गैस की कीमतों को दोगुना से अधिक कर 6.1 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (प्रति इकाई) कर दिया है। इसके बाद सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में यह वृद्धि हुई है। 

पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम पहले ही बढ़े

सीएनजी की कीमतों में यह वृद्धि पिछले 16 दिन में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी और रसोई गैस एलपीजी की दरों में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि के बाद हुई है। राष्ट्रीय राजधानी में 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 949.50 रुपये हो गई है। कुछ स्थानों पर रसोई गैस की कीमत 1,000 रुपये तक पहुंच गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

CNG