1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. DDA Scheme: वसंत कुंज, रोहिणी, द्वारका पीतमपुरा जैसे प्रीमियम इलाकों में घर खरीदने का मौका- जानें कितनी होगी कीमत

DDA Scheme: वसंत कुंज, रोहिणी, द्वारका पीतमपुरा जैसे प्रीमियम इलाकों में घर खरीदने का मौका- जानें कितनी होगी कीमत

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 18, 2025 06:12 pm IST,  Updated : Aug 18, 2025 06:13 pm IST

ई-ऑक्शन के लिए तैयार, जसोला के पॉकेट 9B और द्वारका के सेक्टर 16B और 19B में स्थित अपार्टमेंट उपलब्ध होंगे। ये फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी होगी, जिसकी बुकिंग ऑनलाइन मोड में की जा सकती है।

dda, dda scheme, dda upcoming scheme, dda housing schemes, dda housing scheme, delhi development aut- India TV Hindi
जहांगीरपुरी, नंद नगरी, अशोक विहार और शालीमार बाग में भी उपलब्ध हैं फ्लैट्स Image Source : DDA

दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (डीडीए) ने रेडी-टू-मूव फ्लैट्स के साथ अपनी प्रीमियम हाउसिंग स्कीम 2025 शुरू करने की घोषणा की है। जन्माष्टमी के मौके पर की गई इस घोषणा में डीडीए ने कहा, "जन्माष्टमी के पावन अवसर पर, डीडीए रेडी-टू-मूव फ्लैट्स के साथ प्रीमियम हाउसिंग स्कीम 2025 की घोषणा करता है।" डीडीए की इस प्रीमियम हाउसिंग स्कीम के तहत एचआईजी, एमआईजी, एलआईजी और ईएचएस फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। ये फ्लैट्स वसंत कुंज, जसोला, रोहिणी, द्वारका और पीतमपुरा समेत दिल्ली के अन्य प्रीमियम लोकेशन्स में मिलेंगे।

जहांगीरपुरी, नंद नगरी, अशोक विहार और शालीमार बाग में भी उपलब्ध हैं फ्लैट्स

ई-ऑक्शन के लिए तैयार, जसोला के पॉकेट 9B और द्वारका के सेक्टर 16B और 19B में स्थित अपार्टमेंट उपलब्ध होंगे। ये फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी होगी, जिसकी बुकिंग ऑनलाइन मोड में की जा सकती है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस स्कीम में लगभग 250 फ्लैट ई-ऑक्शन के तहत बेचे जाएंगे। वसंत कुंज, जसोला, रोहिणी, द्वारका और पीतमपुरा के अलावा जहांगीरपुरी, नंद नगरी, अशोक विहार और शालीमार बाग स्थित डीडीए फ्लैट भी ई-ऑक्शन के लिए रखे जाएंगे। बताते चलें कि इस योजना को 11 जुलाई को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना की अध्यक्षता में हुई डीडीए की मीटिंग में मंजूरी मिली थी।

HIG, MIG और LIG के कितने फ्लैट्स उपलब्ध

रिपोर्ट के अनुसार, इस स्कीम में जहांगीरपुरी, द्वारका, नंद नगरी और पीतमपुरा में 48 मध्यम आय वर्ग (MIG) के फ्लैट, वसंत कुंज, द्वारका के सेक्टर 19B और जसोला के पॉकेट 9B में 39 उच्च आय वर्ग (HIG) के फ्लैट और रोहिणी में 22 निम्न आय वर्ग (LIG) के फ्लैट शामिल हैं। डीडीए ने कहा, "इस स्कीम में पीतमपुरा में 16 कार गैरेज और मॉल रोड व अशोक विहार में 51 स्कूटर गैरेज भी शामिल हैं, जो दिल्ली के कुछ सबसे प्रमुख इलाकों में हाउसिंग और पार्किंग दोनों के व्यापक विकल्प प्रदान करते हैं।"

क्या होंगी फ्लैट्स की कीमतें

अलग-अलग कैटेगरी के लिए फ्लैटों की कीमतें अलग-अलग होंगी। HIG फ्लैटों का रिजर्व प्राइस ₹1.64 करोड़ से ₹2.54 करोड़ के बीच होने की संभावना है। वहीं, MIG फ्लैटों की कीमत ₹60 लाख से ₹1.5 करोड़ और LIG फ्लैटों की कीमत ₹39 लाख से ₹54 लाख तक हो सकती है। ये स्कीम 26 अगस्त को लॉन्च होने जा रही है और इस स्कीम से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आप डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट 'eservices.dda.org.in' पर जा सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा