1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. गर्लफ्रेंड के चक्कर में Air India के पायलट ने की थी शर्मनाक हरकत, अब सरकार ने सुना दी सबसे कड़ी सजा

गर्लफ्रेंड के चक्कर में Air India के पायलट ने की थी शर्मनाक हरकत, अब सरकार ने सुना दी सबसे कड़ी सजा

 Published : Jun 14, 2023 12:34 pm IST,  Updated : Jun 14, 2023 12:34 pm IST

डीजीसीए के सुरक्षा मानकों के मुताबिक, किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को कॉकपिट के भीतर घुसने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।

एयर इंडिया के साथ लगातार शर्मनाक घटनाएं हो रही हैं- India TV Hindi
एयर इंडिया के साथ लगातार शर्मनाक घटनाएं हो रही हैं Image Source : FILE

एयर इंडिया (Air India) और विवादों का रिश्ता काफी पुराना है। अब इसमें एक नया अध्याय जुड़ गया है। एयर इंडिया के दो पायलटों को नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की सख्त कार्रवाई झेलनी पड़ी है। डीजीसीए ने एयर इंडिया के दो पायलटों को उड़ान भरने से रोक दिया है। यहां मामला अपनी महिला मित्र को हवाई जहाज में प्रतिबंधित माने जाने वाले कॉकपिट में बुलाने से जुड़ा है। सरकार ने पायलट (Air India Pilot) की इस मनमानी को एक बड़ी अनुशासनहीनता माना है और यह सजा सुनाई है। 

क्या है मामला  

मामला इस साल 27 फरवरी का है। एयर इंडिया की एक नियमित उड़ान दिल्ली-दुबई के बीच के सफर पर निकली थी। उड़ान के दौरान पायलट ने अपनी महिला दोस्त को कॉकपिट में बुला लिया था। डीजीसीए के सुरक्षा मानकों के मुताबिक, किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को कॉकपिट के भीतर घुसने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। ऐसा होने पर मानकों का उल्लंघन माना जाएगा। इस पर डीजीसीए ने पूरी जांच करवाई और दोषी पाए जाने पर पायलटों पर कार्रवाई की है। 

पायलटों पर जहाज उड़ाने की रोक 

डीजीसीए के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि इस घटना के बारे में एयर इंडिया से रिपोर्ट मिल गई है और मामले की जांच भी पूरी हो गई है। अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना में लिप्त रहे दोनों पायलटों को उड़ान भरने से रोक दिया गया है।’’ एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान में इस घटना का कोई ब्योरा न देते हुए कहा कि इस तरह के मामलों में गंभीरता से निपटा जाता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे। इसी तरह के एक अन्य मामले की जानकारी न देने पर डीजीसीए ने एयर इंडिया पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। 

एयर इंडिया के साथ जुड़े कई विवाद

टाटा समूह के हाथों में जाने के बाद भी एयर इंडिया के साथ लगातार शर्मनाक घटनाएं हो रही हैं। पिछले दिनों एयरइंडिया का पेशाब कांड काफी सुर्खियों में था जब एयर इंडिया के एक विमान में एक यात्री ने दूसरे सहयात्री पर पेशाब कर दिया था। इसके अलावा भी एयर इंडिया में यात्रियों की बदसलूकी के कई मामले सामने आ चुके हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा