अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से रूसी तेल रिफाइनरियों और डीजल के प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन में इस्तेमाल होने वाले अन्य इंफ्रा पर हमले रोकने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन हमलों से ईंधन की कमी पैदा हो रही है।
अमेरिका में 6 डॉलर प्रति गैलन से ज्यादा हुई डीजल की औसत कीमत
डोनाल्ड ट्रंप ने ये बयान शुक्रवार को अमेरिका में डीजल की कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद दिया, जब औसत कीमत 6 डॉलर प्रति गैलन से ज्यादा हो गई थी। यूक्रेन कई महीनों से लंबी दूरी के हमलों से रूस के तेल और गैस को निशाना बना रहा है, जिससे पूरे देश में ईंधन की कटौती करनी पड़ी और मॉस्को ने जुलाई में डीजल के निर्यात पर रोक लगा दी। रूस के इस फैसले से पहले से ही कमजोर पड़े वैश्विक बाजार से सप्लाई कम हो गई।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल सप्लाई में आई बाधा ने पैदा किया ईंधन संकट
हालांकि, वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट की एक वजह ईरान में युद्ध के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते तेल की सप्लाई में आई बाधा भी रही। नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों की तैयारी के बीच ईंधन की कमी अमेरिका में प्रमुख मुद्दा बन गया है।
जेलेंस्की से रूस पर हमले रोकने का आग्रह
एक पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हालिया बातचीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की है। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने जेलेंस्की से रूस पर हमले रोकने का आग्रह किया है।
डीजल को निशाना बनाने से पूरी दुनिया हो रही प्रभावित
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ''जेलेंस्की को एक काम करना होगा। उन्हें रूस में डीजल के केंद्रों को नष्ट करना बंद करना होगा।'' उन्होंने कहा, ''हमने जेलेंस्की से इस बारे में बात की है। हमले में अन्य चीजों को भी निशाना बनाया जा सकता है। डीजल को निशाना मत बनाइए क्योंकि इससे नुकसान हो रहा है, इससे पूरी दुनिया प्रभावित हो रही है।''
यूक्रेन के हमलों से बुरी तरह प्रभावित हो रही है रूस की घरेलू रिफाइनिंग क्षमता
बताते चलें कि यूक्रेन के हमलों के कारण रूस की घरेलू रिफाइनिंग क्षमता बुरी तरह से प्रभावित हुई, जिसके कारण पेट्रोलियम उत्पादों का आयात बढ़ाना पड़ा है। रूस ने इस साल अगस्त में रिकॉर्ड 1.72 लाख टन पेट्रोलियम उत्पादों का आयात किया है। CREA की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में रूस के तेल उत्पादों के कुल आयात में भारत की हिस्सेदारी करीब 70 प्रतिशत रही।
ये भी पढ़ें
आज 7 राज्यों में बंद रहेंगे सभी बैंक, गणेश चतुर्थी के मौके पर शेयर बाजारों की भी रहेगी छुट्टी