1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. RBL Bank में 74% हिस्सेदारी खरीदेगा दुबई का एमिरेट्स एनबीडी बैंक, वित्त मंत्रालय से मिली मंजूरी

RBL Bank में 74% हिस्सेदारी खरीदेगा दुबई का एमिरेट्स एनबीडी बैंक, वित्त मंत्रालय से मिली मंजूरी

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : May 16, 2026 12:07 pm IST,  Updated : May 16, 2026 12:07 pm IST

आरबीएल बैंक ने एक बयान में कहा कि प्राथमिक पूंजी निवेश के तौर पर करीब 3 अरब डॉलर का निवेश किया जाएगा।

Emirates NBD Bank, RBL Bank, ministry of finance, rbi, reserve bank of india- India TV Hindi
RBL Bank में 74% हिस्सेदारी खरीदेगा दुबई का एमिरेट्स एनबीडी बैंक Image Source : JUSTDIAL/EMIRATES NBD

वित्त मंत्रालय ने दुबई के एमिरेट्स एनबीडी बैंक को आरबीएल बैंक में 74 प्रतिशत तक हिस्सेदारी के अधिग्रहण की मंजूरी दे दी है। इससे देश में करीब 26,850 करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता साफ हो गया है। आरबीएल बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर से भेजे गए एक पत्र में इस प्रस्तावित अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है। ये मंजूरी कुल चुकता इक्विटी शेयर पूंजी के 49 प्रतिशत से ज्यादा और 74 प्रतिशत तक हिस्सेदारी लेने के लिए दी गई है। इस अधिग्रहण सौदे की घोषणा 18 अक्टूबर, 2025 को की गई थी। इसे भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में अब तक के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय निवेशों में से एक माना जा रहा है।

280 रुपये के भाव पर 95,90,45,636 शेयर खरीदेगा एमिरेट्स एनबीडी बैंक

आरबीएल बैंक ने एक बयान में कहा कि प्राथमिक पूंजी निवेश के तौर पर करीब 3 अरब डॉलर (करीब 26,850 करोड़ रुपये) का निवेश किया जाएगा। ये बैंक को वृद्धि के अपने अगले चरण के लिए मजबूत स्थिति में लाएगा। प्रस्तावित निवेश के तहत एमिरेट्स एनबीडी बैंक तरजीही निर्गम के जरिए 280 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 95,90,45,636 इक्विटी शेयरों को खरीदेगा। इस सौदे के बाद आरबीएल बैंक में इस विदेशी बैंक की हिस्सेदारी 51 प्रतिशत से 74 प्रतिशत के बीच रह सकती है, जो नियामकीय शर्तों पर निर्भर होगी। बताते चलें कि शुक्रवार को आरबीएल बैंक के शेयर 0.31 प्रतिशत (1.05 रुपये) की तेजी के साथ 338.00 रुपये के भाव पर बंद हुए थे।

एमिरेट्स एनबीडी बैंक को प्रोमोटर के रूप में मिलेगी मान्यता

ट्रांजैक्शन के बाद आरबीएल बैंक में विदेशी बैंक की सब्सिडरी यूनिट वाला मॉडल लागू होगा और एमिरेट्स एनबीडी बैंक को प्रोमोटर के रूप में मान्यता मिलेगी। बताते चलें कि इससे पहले भारतीय रिजर्व बैंक और प्रतिस्पर्धा आयोग भी इस अधिग्रहण प्रस्ताव को मंजूरी दे चुके हैं। बैंक के मौजूदा शेयरधारकों के लिए ये एक बहुत अच्छी और बड़ी खबर है। वित्त मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद सोमवार को आरबीएल बैंक के शेयरों में जोरदार एक्शन देखने को मिल सकता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा