1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. जी20 शिखर सम्मेलन से होटल इंडस्ट्री की बल्ले-बल्ले, कमरों की मांग, किराया में बंपर उछाल

जी20 शिखर सम्मेलन से होटल इंडस्ट्री की बल्ले-बल्ले, कमरों की मांग, किराया में बंपर उछाल

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 27, 2023 02:59 pm IST,  Updated : Aug 27, 2023 02:59 pm IST

जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि महानगरों में प्रमुख ब्रांडेड होटल सरकार के संपर्क में हैं और ठहरने की सभी व्यवस्थाएं सरकार के परामर्श से की गई हैं।

होटल इंडस्ट्री- India TV Hindi
होटल इंडस्ट्री Image Source : FILE

भारत में जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होटल इंडस्ट्री के लिए राहत लेकर आया है। भारतीय होटल संघ (एचएआई) के महासचिव एम पी बेजबरुआ ने कहा है कि देश में अब होटल कमरों की बुकिंग और किराया महामारी-पूर्व के स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन और महानगरों में पर्यटकों की आवाजाही होटल उद्योग के लिए राहत लेकर आई है। बेजबरुआ ने कहा कि मौजूदा मांग-आपूर्ति की स्थिति के कारण कमरों के किराये कभी-कभी महामारी-पूर्व से थोड़ा अधिक होते हैं। बेजबरुआ ने कहा कि मैं समझता हूं कि इस समय न केवल जी20, बल्कि पर्यटकों और लोगों की ओर से भी बहुत बड़ी मांग है जो शहरों में यह सब देखने के लिए आ रहे हैं।

मांग के चलते किराया बढ़ा 

उन्होंने कहा कि जाहिर तौर पर कीमतें बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति की वजह से बढ़ी हैं। उनसे पूछा गया था कि एचएआई को जी20 शिखर सम्मेलन के लिए कमरों की मांग और किराया दरों को लेकर अपने सदस्यों से क्या जानकारी मिली है। ऊंची मांग के कमरों के किराये और बुकिंग पर प्रभाव के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मूल रूप से मैं जो कह सकता हूं वह यह है कि मांग और किराया महामारी-पूर्व के स्तर पर पहुंच गया है। वास्तव में कई बार किराया महामारी-पूर्व से अधिक भी रहता है। लेकिन यह मांग और आपूर्ति पर आधारित होता है।’’ 

बड़े होटल में सरकारी मेहमान ठहरेंगे 

यह पूछे जाने पर कि कमरों का किराया कितना बढ़ा है, उन्होंने कहा कि इस उद्योग में प्रतिशत जैसा कुछ नहीं होता। कुछ होटल अपने द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के लिए विशेष दरें लेते हैं। इसी तरह छोटे और मझोले होटल अपने हिसाब से किराया लेते हैं। जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि महानगरों में प्रमुख ब्रांडेड होटल सरकार के संपर्क में हैं और ठहरने की सभी व्यवस्थाएं सरकार के परामर्श से की गई हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा