1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price Today : इजराइल पर ईरान के हमले का असर, उछल गया सोना, चांदी भी हुई महंगी, जानिए 24 कैरेट गोल्ड का रेट

Gold Price Today : इजराइल पर ईरान के हमले का असर, उछल गया सोना, चांदी भी हुई महंगी, जानिए 24 कैरेट गोल्ड का रेट

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Apr 15, 2024 08:17 pm IST,  Updated : Apr 15, 2024 08:17 pm IST

Gold Price Today on 15 April 2024 : सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। इजराइल पर ईरान के हमले से जोखिम भरे एसेट्स के प्रति निवेशकों की रुचि कम हो गई और सर्राफा जैसे सेफ एसेट्स की मांग बढ़ गई है।

सोने चांदी का भाव- India TV Hindi
सोने चांदी का भाव Image Source : FILE

Gold Price Today on 15 April 2024 : वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के अनुरूप सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोना (Gold Rate Today) 300 रुपये की तेजी के साथ 73,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर जा पहुंचा। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पहले के कारोबारी सत्र में सोना 72,750 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत (Silver Price Today) भी 500 रुपये के उछाल के साथ 85,700 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। इससे पहले के कारोबारी सत्र में यह 85,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

24 कैरेट सोने का भाव

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘विदेशी बाजारों से सकारात्मक संकेत लेते हुए दिल्ली के बाजारों में सोने की हाजिर कीमत (24 कैरेट) 73,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रही है, जो पिछले बंद भाव से 300 रुपये की तेजी को दर्शाता है।’’ अंतरराष्ट्रीय बाजार, कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,355 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 12 डॉलर अधिक है। वीकेंड में ईरान और इजराइल के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद मुख्य रूप से सुरक्षित निवेश के लिए खरीदारी के कारण सोने में सकारात्मक रुख के साथ कारोबार फिर से शुरू हुआ। गांधी ने कहा कि इजराइल पर ईरान के हमले से जोखिम भरे एसेट्स के प्रति निवेशकों की रुचि कम हो गई और सर्राफा जैसे सेफ एसेट्स की मांग बढ़ गई है। इसके अलावा, चांदी भी तेजी के साथ 28.25 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है। पिछले सत्र में यह 27.84 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ थी।

इन आंकड़ों पर रहेगी नजर

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, हालिया अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा जून में ब्याज दर में कटौती की संभावना कम कर दी है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में कमोडिटी रिसर्च के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत दमानी ने कहा, ‘‘निवेशकों का ध्यान सोमवार को जारी होने वाले यूरोपीय संघ के आईआईपी (औद्योगिक उत्पादन सूचकांक) और अमेरिकी खुदरा बिक्री आंकड़ों पर होगा जो सर्राफा कीमतों को आगे की दिशा प्रदान करेगा।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा