1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कर्नाटक के बाद अब केरलम में भी होगी E20 पेट्रोल की जांच, राज्य सरकार ने दिए आदेश

कर्नाटक के बाद अब केरलम में भी होगी E20 पेट्रोल की जांच, राज्य सरकार ने दिए आदेश

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 08, 2026 12:47 pm IST,  Updated : Nov 08, 2026 12:47 pm IST

केरलम ने बयान में कहा कि राज्य में अब तक पेट्रोल में फिक्स लिमिट से ज्यादा इथेनॉल मिलाए जाने का कोई मामला सामने नहीं आया है।

E20, E20 Petrol, Oil Companies, Karnataka Government, Petrol Pump- India TV Hindi
केरलम में भी होगी E20 पेट्रोल की जांच Image Source : PTI

केरलम के नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने भी राज्य के चार जिलों में पेट्रोल पंपों के इंस्पेक्शन के आदेश दिए हैं। केरलम का ये आदेश ऐसे समय में आया है जब हाल ही में कर्नाटक सरकार ने 20 प्रतिशत की फिक्स लिमिट से ज्यादा इथेनॉल वाला पेट्रोल बेचे जाने के आरोप लगाए हैं। शनिवार को जारी एक बयान में कहा गया कि अनूप जैकब ने मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के साथ चर्चा के बाद सिविल सप्लाई और कंज्यूमर अफेयर्स के कमिश्नर को ये जांच करने का निर्देश दिया।

केरल में फिलहाल लिमिट से ज्यादा इथेनॉल मिलने के मामले नहीं आए सामने

बयान में कहा गया है कि राज्य में अब तक पेट्रोल में फिक्स लिमिट से ज्यादा इथेनॉल मिलाए जाने का कोई मामला सामने नहीं आया है और पड़ोसी राज्य कर्नाटक में कथित गड़बड़ी को देखते हुए इस इंस्पेक्शन का आदेश दिया गया है। तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर जिलों की अलग-अलग जगहों से सैंपल इकट्ठे किए जाएंगे और उन्हें टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। 

किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई

मंत्री ने कहा कि केंद्रीय मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल (आपूर्ति और वितरण का विनियमन और कदाचार की रोकथाम) आदेश, 2005 के तहत जारी 2014 की एक राज्य अधिसूचना नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के कमिश्नर से लेकर तालुक आपूर्ति अधिकारियों तक को निरीक्षण करने और कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अधिकार देती है। बयान के अनुसार जैकब ने कहा कि अगर किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाया जाता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

कर्नाटक सरकार ने की तेल कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

ये इंस्पेक्शन कर्नाटक के इस आरोप को लेकर उठे विवाद के बीच हो रहा है कि देश की प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनियां निर्धारित 20 प्रतिशत की लिमिट से ज्यादा इथेनॉल की मात्रा वाले पेट्रोल की सप्लाई कर रही हैं और टेस्ट में कथित तौर पर इसका लेवल 31.2 प्रतिशत तक पाया गया है। कर्नाटक सरकार ने इन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 

देशभर से लिए गए E20 पेट्रोल के 893 सैंपल क्वालिटी टेस्ट में हुए पास

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने शुक्रवार को इस दावे को खारिज कर दिया था कि कर्नाटक में कुछ रिटेल पेट्रोल पंपों पर बेचे जाने वाले पेट्रोल में 31 प्रतिशत तक इथेनॉल था। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक के 56 सैंपल समेत 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लिए गए E20 पेट्रोल के 893 सैंपल की टेस्टिंग में उन्हें तय किए गए क्वालिटी स्टैंडर्ड के अनुरूप पाया गया है।

PTI Inputs

ये भी पढ़ें

स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग आज, चेक करें पूरा शेड्यूल- मंगलवार को बंद रहेंगे बाजार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।