1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gautam Adani Net Worth: भारत ही नहीं, एशिया के सबसे रईस बने गौतम अडानी; मुकेश अंबानी को छोड़ा पीछे, अब इनती हो गई नेटवर्थ

Gautam Adani Net Worth: भारत ही नहीं, एशिया के सबसे रईस बने गौतम अडानी; मुकेश अंबानी को छोड़ा पीछे, अब इनती हो गई नेटवर्थ

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Apr 17, 2026 09:16 am IST,  Updated : Apr 17, 2026 09:16 am IST

भारत के कारोबारी जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। गौतम अडानी अब एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक अडानी की संपत्ति तेजी से बढ़ी है, जिससे वे अब ग्लोबल रैंकिंग में भी ऊपर पहुंच गए हैं।

एशिया के सबसे अमीर बने...- India TV Hindi
एशिया के सबसे अमीर बने गौतम अडानी Image Source : ANI

अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित की है। नेटवर्थ के मामले में उन्होंने न केवल भारत, बल्कि पूरे एशिया में नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, गौतम अडानी अब एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पछाड़कर यह गौरव हासिल किया है। वर्तमान में गौतम अडानी की कुल नेटवर्थ 92.6 अरब डॉलर पहुंच गई है, जबकि मुकेश अंबानी 90.8 अरब डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

एक दिन में अडानी की संपत्ति में बड़ा उछाल

गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में भले ही मामूली गिरावट देखी गई और सेंसेक्स 123 अंक गिरकर बंद हुआ, लेकिन अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस तेजी की बदौलत अडानी की नेटवर्थ में एक ही दिन में 3.56 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। वहीं दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर लगभग सपाट बंद हुए, जिससे मुकेश अंबानी की संपत्ति में मात्र 76.7 मिलियन डॉलर की ही बढ़ोतरी हो सकी।

दुनिया के टॉप-20 में अडानी की स्थिति

ग्लोबल लिस्ट की बात करें तो गौतम अडानी अब दुनिया के 19वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। इस साल उनकी संपत्ति में 8.10 अरब डॉलर की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इसके उलट, मुकेश अंबानी के लिए यह साल अब तक चुनौतीपूर्ण रहा है और उनकी नेटवर्थ में इस साल 16.9 अरब डॉलर की गिरावट आई है। अंबानी अब वैश्विक अमीरों की लिस्ट में 20वें पायदान पर हैं।

इन दिग्गजों ने भी गंवाई अपनी दौलत

हैरानी की बात यह है कि इस साल दुनिया के टॉप-20 अमीरों में से 7 दिग्गज ऐसे हैं जिनकी संपत्ति में गिरावट आई है। सबसे ज्यादा नुकसान फ्रांसीसी बिजनेसमैन बर्नार्ड आरनॉल्ट को हुआ है, जिन्होंने 44 अरब डॉलर गंवाए हैं। उनके अलावा वॉरेन बफे, बिल गेट्स और लैरी एलिसन जैसे दिग्गजों की नेटवर्थ भी साल 2026 में कम हुई है।

दुनिया के टॉप-20 अमीरों की लिस्ट

रैंक नाम कुल नेटवर्थ (अरब डॉलर) इस साल का बदलाव (YTD) देश / क्षेत्र उद्योग
1 एलन मस्क $656B +$36.7B अमेरिका टेक्नोलॉजी
2 लैरी पेज $286B +$17.2B अमेरिका टेक्नोलॉजी
3 जेफ बेजोस $269B +$16.1B अमेरिका टेक्नोलॉजी
4 सर्गेई ब्रिन $266B +$15.9B अमेरिका टेक्नोलॉजी
5 मार्क जकरबर्ग $239B +$6.08B अमेरिका टेक्नोलॉजी
6 लैरी एलिसन $230B -$17.6B अमेरिका टेक्नोलॉजी
7 माइकल डेल $170B +$29.9B अमेरिका टेक्नोलॉजी
8 जेंसन हुआंग $164B +$9.62B अमेरिका टेक्नोलॉजी
9 बर्नार्ड आरनॉल्ट $164B -$44.0B फ्रांस कंज्यूमर
10 जिम वॉल्टन $150B +$13.7B अमेरिका रिटेल
11 स्टीव बालमर $148B -$20.3B अमेरिका टेक्नोलॉजी
12 रॉब वॉल्टन $147B +$13.4B अमेरिका रिटेल
13 ऐलिस वॉल्टन $146B +$13.2B अमेरिका रिटेल
14 वॉरेन बफे $142B -$9.60B अमेरिका डायवर्सिफाइड
15 कार्लोस स्लिम $130B +$19.1B मैक्सिको डायवर्सिफाइड
16 अमानसियो ओर्टेगा $130B -$5.80B स्पेन रिटेल
17 बिल गेट्स $104B -$12.9B अमेरिका टेक्नोलॉजी
18 थॉमस पीटरफी $93.8B +$16.7B अमेरिका फाइनेंस
19 गौतम अडानी $92.6B +$8.10B भारत इंडस्ट्रियल
20 मुकेश अंबानी $90.8B -$16.9B भारत एनर्जी
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा