1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price: अक्षय तृतीया से एक दिन पहले क्या है सोने का भाव? चेक करें दिल्ली, मुंबई से लेकर चेन्नई तक 24K, 22K और 18K गोल्ड का रेट

Gold Price: अक्षय तृतीया से एक दिन पहले क्या है सोने का भाव? चेक करें दिल्ली, मुंबई से लेकर चेन्नई तक 24K, 22K और 18K गोल्ड का रेट

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Apr 18, 2026 10:55 am IST,  Updated : Apr 18, 2026 10:55 am IST

अक्षय तृतीया जैसे शुभ मौके से ठीक पहले सोने की कीमतों ने ग्राहकों के बीच हलचल मचा दी है। दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में गोल्ड रेट में नरमी देखी गई है, जिससे खरीदारी का प्लान बना रहे लोगों के लिए यह एक अच्छा मौका बन सकता है।

सोने की कीमत में...- India TV Hindi
सोने की कीमत में गिरावट Image Source : CANVA

अक्षय तृतीया से ठीक एक दिन पहले सोना सस्ता हो गया है, जिससे खरीदारी की तैयारी कर रहे लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। आमतौर पर इस त्योहार से पहले सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार बाजार ने उल्टा रुख दिखाया है। देश के कई बड़े शहरों में गोल्ड के दाम में गिरावट आई है, वहीं चांदी भी सस्ती हुई है।

दिल्ली-मुंबई से चेन्नई तक गिरे दाम

18 अप्रैल की सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,54,340 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं मुंबई, कोलकाता, पुणे और बेंगलुरु में भी कीमत लगभग 1,54,190 रुपये के आसपास रही। चेन्नई में 24 कैरेट गोल्ड का भाव करीब 1,55,010 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। 22 कैरेट सोने की बात करें तो दिल्ली में यह करीब 1,41,490 रुपये और मुंबई-कोलकाता में लगभग 1,41,340 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, 18 कैरेट सोने की बात करें तो दिल्ली में यह करीब 115,755 रुपये और मुंबई-कोलकाता में लगभग 115,642 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।

एक दिन में ही बड़ी गिरावट

दिल्ली के सराफा बाजार में एक दिन पहले ही सोने की कीमत में करीब 1,600 रुपये की गिरावट दर्ज की गई थी। इसी तरह चांदी की कीमत में भी भारी कमी आई है। 18 अप्रैल को चांदी का भाव करीब 2,64,900 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया, जबकि पिछले सत्र में इसमें 5,700 रुपये की गिरावट आई थी।

क्यों आई कीमतों में गिरावट?

विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में नरमी और भू-राजनीतिक तनाव में थोड़ी राहत इसका मुख्य कारण है। इजरायल-लेबनान के बीच सीजफायर और अमेरिका-ईरान के बीच सुलह की उम्मीद से निवेशकों का रुख थोड़ा शांत हुआ है। इससे सोने की सुरक्षित निवेश वाली मांग में हल्की कमी आई है।

अक्षय तृतीया पर क्या करें खरीदार?

अक्षय तृतीया को सोना खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में कीमतों में आई यह गिरावट खरीदारों के लिए अच्छा मौका साबित हो सकती है। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, इसलिए निवेश सोच-समझकर करना जरूरी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा