1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price Today: सोने ने दी खुशखबरी, हो गया इतने रुपये सस्ता

Gold Price Today: सोने ने दी खुशखबरी, हो गया इतने रुपये सस्ता

 Edited By: Sachin Chaturvedi
 Published : Nov 17, 2022 07:27 pm IST,  Updated : Nov 17, 2022 07:27 pm IST

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,770.05 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी नुकसान के साथ 21.32 डॉलर प्रति औंस रह गई।

Gold Rate- India TV Hindi
Gold Rate Image Source : FILE

बीते कुछ दिनों से तेजी का रुख दिखा रहे सोने ने आज खरीदारों को राहत दी है। कमजोर वैश्विक रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोना सस्ता हो गया। आज के कारोबार में सोना 161 रुपये की गिरावट के साथ 53,235 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 53,396 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 

चांदी भी टूटी 

चांदी की कीमत भी 1,111 रुपये की गिरावट के साथ 61,958 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,770.05 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी नुकसान के साथ 21.32 डॉलर प्रति औंस रह गई। 

क्यों आई गिरावट ?

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशल सर्विसेज में जिंस शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत दमानी ने कहा, ‘‘भू-राजनीतिक चिंताओं के कम होने से सुरक्षित-निवेश के रूप में सर्राफा की मांग प्रभावित होने तथा अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा आगामी महीनों में ब्याज दर के संदर्भ में आक्रामक रवैया नरम करने की उम्मीद के कारण सोने में गिरावट आई।’’ एचडीएफसी सिक्योरिटीज में शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘अपेक्षा से बेहतर आर्थिक आंकड़ों के बाद अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि के बाद कॉमेक्स में सोने की कीमत में गिरावट आई।

सोना वायदा कीमतों में गिरावट

कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने से बृहस्पतिवार को वायदा कारोबार में सोने का भाव 102 रुपये की गिरावट के साथ 52,960 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सोने का दिसंबर आपूर्ति वाला अनुबंध 102 रुपये या 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,960 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसमें 6,290 लॉट के लिये कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा अपने सौदों की कटान करने से सोना वायदा कीमतों में गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,772.40 डॉलर प्रति औंस रह गया।

चांदी वायदा भाव में गिरावट 

कमजोर हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया जिससे वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को चांदी की कीमत 283 रुपये गिरावट के साथ 61,714 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी का दिसंबर डिलिवरी का भाव 283 रुपये यानी 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,714 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। इसमें 13,390 लॉट का कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी 1.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21.28 डॉलर प्रति औंस रह गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा