Gold Rate Today: स्टॉकिस्टों द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली की वजह से सोने की कीमतों में आज लगातार 5वें दिन गिरावट देखने को मिली। मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 200 रुपये टूटकर 97,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 500 रुपये की गिरावट के साथ 98,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। इसके साथ ही, आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 200 रुपये की गिरावट के साथ 97,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। सोमवार को ये 500 रुपये टूटकर 97,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतों में आज बदलाव हुआ
सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, मंगलवार को चांदी की कीमतें 1,13,000 रुपये प्रति किलो पर बिना किसी बदलाव के स्थिर रहीं। अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता ने कहा, ‘‘अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार समझौते की पुष्टि के बाद सोने की कीमतों में गिरावट आई है। इसके अलावा, इस हफ्ते होने वाली एफओएमसी की बैठक में अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को स्थिर रखने की उम्मीदों ने भी डॉलर को और मजबूत किया है।’’
हाजिर सोने की कीमतों में बढ़ोतरी
इसी बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 9.48 डॉलर या 0.29 प्रतिशत बढ़कर 3,324.11 डॉलर प्रति औंस हो गया। कोटक सिक्योरिटीज में एवीपी जिंस शोध कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘सोना 3315 डॉलर के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है क्योंकि बाजार रोजगार के आंकड़ों और सीबी उपभोक्ता विश्वास के आंकड़ों सहित प्रमुख अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों का इंतजार कर रहे है। वहीं कनाडा और दक्षिण कोरिया के साथ अमेरिकी व्यापार वार्ता जारी है।’’
किन बातों पर रहेंगी निवेशकों की नजर
हालांकि, वैश्विक बाजारों में हाजिर चांदी मामूली गिरावट के साथ 38.14 डॉलर प्रति औंस रह गई। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘निवेशकों को प्रमुख अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों - एडीपी गैर-कृषि रोजगार परिवर्तन, गैर-कृषि पेरोल, बेरोजगारी दर और जीडीपी - का भी इंतजार रहेगा, जो इस हफ्ते फेडरल रिजर्व के ब्याज दर निर्णय के साथ-साथ जारी होंगे।’’