Gold and Silver Price Today: अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मीटिंग में हुए फैसलों के नतीजों से पहले और अंतरराष्ट्रीय सर्राफा कीमतों में तेजी के बाद, बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। बुधवार को एमसीएक्स पर सोने का भाव 1,19,647 रुपये प्रति 10 ग्राम पर लगभग स्थिर खुला, जो कल 1,19,646 रुपये पर बंद हुआ था। इसके अलावा, आज एमसीएक्स पर चांदी का भाव मामूली तेजी के साथ 1,44,761 रुपये प्रति किलो पर खुला, जो कल 1,44,342 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुआ था।
सोने और चांदी ने पकड़ी रफ्तार
बुधवार को सुबह 9:08 बजे एमसीएक्स पर सोने का भाव 401 रुपये (0.34%) बढ़कर ₹1,20,047 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 989 रुपये (0.69%) की तेजी के साथ 1,45,331 रुपये प्रति किलो के दाम पर कारोबार कर रही थी। ग्लोबल मार्केट में, अमेरिकी फेडरल द्वारा ब्याज दरों में व्यापक रूप से अपेक्षित कटौती से पहले सोने की कीमतों में मामूली तेजी दर्ज की गई, हालांकि अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने से सर्राफा बाजार में मजबूती पर ब्रेक लगा रहा।
मंगलवार को भी बढ़ी थी कीमतें
सोने की हाजिर कीमत मंगलवार को 7 अक्टूबर के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंचने के बाद 0.2% बढ़कर 3,957.42 डॉलर प्रति औंस हो गई। दिसंबर डिलीवरी के लिए अमेरिकी वायदा सोना 0.3% गिरकर 3,971.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी ने कहा, "सोने की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और हाल की गिरावट थम गई है क्योंकि आज फेडरल रिजर्व द्वारा अपेक्षित ब्याज दरों में कटौती की ओर ध्यान गया। इस बीच, निवेशक अमेरिका-चीन व्यापार में संभावित प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे सुरक्षित निवेश की मांग और कम हो सकती है।"
इस साल 52 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं सोने की कीमतें
भू-राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितताओं, ब्याज दरों में कटौती के दांव और केंद्रीय बैंकों की निरंतर खरीदारी के कारण सोने की कीमतों में इस साल अब तक लगभग 52% की बढ़ोतरी हुई है और 20 अक्टूबर को ये 4,381.21 डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई। त्रिवेदी के अनुसार, दिसंबर एक्सपायरी के लिए एमसीएक्स पर सोने की कीमत बढ़कर 1,20,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो सकती है। दूसरी ओर, उनका मानना है कि 1,19,000 रुपये का लेवल, इंट्राडे के लिए एक सपोर्ट लेवल है।