1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अगस्त में बिगड़ा घर की थाली का बजट, प्याज-तेल ने बढ़ाई लागत; जानें एक प्लेट खाने का कितना बढ़ा खर्च?

अगस्त में बिगड़ा घर की थाली का बजट, प्याज-तेल ने बढ़ाई लागत; जानें एक प्लेट खाने का कितना बढ़ा खर्च?

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Sep 08, 2026 06:15 pm IST,  Updated : Sep 08, 2026 06:15 pm IST

महंगाई का असर अब घर की रसोई पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अगस्त में घर पर तैयार होने वाली खाने की थाली की लागत में मामूली बढ़ोतरी हुई है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, सब्जियों से लेकर तेल और LPG तक की कीमतों ने घरेलू खाने का बजट प्रभावित किया है।

अगस्त में महंगी हुई...- India TV Hindi
अगस्त में महंगी हुई खाने की थाली Image Source : FREEPIK

महंगाई का असर अब सिर्फ बाजार की खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि घर में बनने वाली रोज की थाली पर भी दिखाई देने लगा है। अगस्त में घर के खाने की लागत में मामूली बढ़ोतरी हुई। खास तौर पर प्याज, खाद्य तेल और LPG की बढ़ती कीमतों ने रसोई का बजट प्रभावित किया। हालांकि, आलू और टमाटर सस्ते होने से थाली की लागत में होने वाली बढ़ोतरी कुछ हद तक सीमित रही।

घरेलू रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की रिसर्च ब्रांच क्रिसिल इंटेलिजेंस की 'रोटी राइस रेट' रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में एक शाकाहारी थाली की लागत 29.5 रुपये पहुंच गई। यह जुलाई के मुकाबले 1 फीसदी और पिछले साल अगस्त की तुलना में भी 1 फीसदी ज्यादा है। रिपोर्ट के अनुसार, प्याज, फूड ऑयल, चावल और LPG की कीमतें पिछले साल की तुलना में ऊंची बनी हुई हैं। इन चीजों की महंगाई का सीधा असर घर में बनने वाले खाने की लागत पर पड़ा है।

प्याज ने बढ़ाई सबसे ज्यादा चिंता

अगस्त में प्याज की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। एक साल पहले अगस्त में प्याज करीब 28 रुपये प्रति किलो था, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 40 रुपये प्रति किलो हो गया। यानी सालाना आधार पर प्याज करीब 43 फीसदी महंगा हुआ। महीने के आधार पर भी प्याज की कीमत में 17 फीसदी का उछाल आया। महाराष्ट्र में मार्च-अप्रैल के दौरान बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से सप्लाई प्रभावित होने को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है।

तेल और LPG भी हुए महंगे

रसोई के दूसरे जरूरी सामानों ने भी बजट पर दबाव बढ़ाया। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में फूड ऑयल की कीमत 11 फीसदी और LPG की कीमत 10 फीसदी बढ़ी। वहीं, चावल की ऊंची कीमत ने भी थाली की कुल लागत को प्रभावित किया। हालांकि, हर चीज महंगी नहीं हुई। अगस्त में आलू की कीमत 12 फीसदी और टमाटर की कीमत 28 फीसदी कम हुई। इससे थाली की लागत में ज्यादा बढ़ोतरी होने से कुछ राहत मिली।

नॉन-वेज थाली 57.5 रुपये की हुई

नॉन-वेज थाली की लागत अगस्त में 57.5 रुपये रही। पिछले साल की तुलना में इसमें 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इसकी मुख्य वजह ब्रॉयलर की कीमत में करीब 10 फीसदी की सालाना वृद्धि रही। हालांकि, जुलाई के मुकाबले नॉन-वेज थाली की लागत 1 फीसदी कम हुई। श्रावण महीने में ब्रॉयलर की कीमत में 4 फीसदी की गिरावट इसका एक कारण रही।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- कच्चा तेल महंगा और रुपया कमजोर! भारत में बढ़ सकती है महंगाई, आम लोगों की जेब पर पड़ेगा असर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा