1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Navi Mumbai Airport पहुंचना कितना होगा आसान? जानें कौन-सा रेलवे स्टेशन है सबसे नजदीक, क्या है बेस्ट रूट

Navi Mumbai Airport पहुंचना कितना होगा आसान? जानें कौन-सा रेलवे स्टेशन है सबसे नजदीक, क्या है बेस्ट रूट

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Oct 03, 2025 05:08 pm IST,  Updated : Oct 03, 2025 05:08 pm IST

मुंबई महानगर क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट आगामी 8 अक्टूबर को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।

Navi Mumbai Airport, Airport,- India TV Hindi
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के लिए क्या रूट होगा? Image Source : OFFICIAL WEBSITE

Navi Mumbai Airport: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) को जल्द ही दूसरा बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिलने जा रहा है। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने ऐलान किया है कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) का उद्घाटन 8 अक्टूबर को होगा। इस घोषणा के साथ ही यात्रियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि नए एयरपोर्ट तक पहुंचना कितना आसान होगा और कौन-से रूट या रेलवे स्टेशन इसके लिए सबसे सुविधाजनक साबित होंगे?

सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन

नए एयरपोर्ट का सबसे नजदीकी तारघर रेलवे स्टेशन है। यह स्टेशन सीवुड्स और बेलापुर से उरण लाइन पर जुड़ा हुआ है। हालांकि स्टेशन का उद्घाटन अभी होना बाकी है, लेकिन आने वाले समय में यह यात्रियों के लिए सबसे तेज और आसान ऑप्शन साबित होगा। यहां से एयरपोर्ट तक केवल कुछ ही मिनटों का सफर होगा।

बेस्ट रूट से ऐसे पहुंचें एयरपोर्ट

फिलहाल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए कई प्रमुख कनेक्टिविटी कॉरिडोर तैयार किए गए हैं।

  • अटल सेतु (Mumbai Trans Harbour Link): साउथ मुंबई से आने वालों के लिए सबसे तेज़ और सीधा रास्ता।
  • पाम बीच रोड: नवी मुंबई के अंदरूनी हिस्सों से एयरपोर्ट तक आसान कनेक्टिविटी।
  • ठाणे-बेलापुर रोड और ऐरोली कॉरिडोर: ठाणे और सेंट्रल उपनगर से आने वाले यात्रियों के लिए बेस्ट रूट।

इन रूट्स से सफर की दूरी 34 से 45 किलोमीटर के बीच होगी और आमतौर पर 70 से 95 मिनट का समय लगेगा।

मेट्रो कनेक्टिविटी का इंतजार

नवी मुंबई एयरपोर्ट को समर्पित मुंबई-नवी मुंबई मेट्रो कॉरिडोर की प्लानिंग भी बनाई गई है, लेकिन यह प्रोजेक्ट 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है। तब तक यात्रियों को रोड और रेलवे नेटवर्क पर निर्भर रहना होगा।

DGCA ने दी हरी झंडी

हाल ही में DGCA ने नवी मुंबई एयरपोर्ट को एयरोड्रोम लाइसेंस जारी किया है। यह सर्टिफिकेशन सभी सेफ्टी और रेगुलेटरी स्टैंडर्ड को पूरा करने के बाद मिला है और यही इसे 8 अक्टूबर से संचालन योग्य बनाता है।

90 मिलियन यात्रियों की क्षमता

नवी मुंबई एयरपोर्ट को पांच चरणों में तैयार किया जाना है। इसका पूरी तरह संचालन शुरू होने के बाद यह एयरपोर्ट सालाना 9 करोड़ यात्रियों और 32 लाख मीट्रिक टन कार्गो को संभालने में सक्षम होगा। इससे यह एशिया के सबसे बड़े एविएशन हब्स में से एक बन जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा