1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत ने बहरीन के साथ व्यापार समझौते के लिए शुरू की बातचीत, न्यूजीलैंड के साथ FTA के लिए चौथे दौर की वार्ता भी शुरू

भारत ने बहरीन के साथ व्यापार समझौते के लिए शुरू की बातचीत, न्यूजीलैंड के साथ FTA के लिए चौथे दौर की वार्ता भी शुरू

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 03, 2025 08:10 pm IST,  Updated : Nov 03, 2025 08:10 pm IST

भारत और न्यूजीलैंड के अधिकारियों ने सोमवार को प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए ऑकलैंड में चौथे दौर की वार्ता शुरू कर दी।

india bahrain trade deal, india bahrain trade agreement, india new zealand trade deal, india new zea- India TV Hindi
रविवार को 2 दिनों के दौरे पर भारत पहुंचे थे अलजयानी Image Source : HTTPS://X.COM/DRSJAISHANKAR

भारत और बहरीन ने सोमवार को एक महत्वाकांक्षी व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू करने और एक निवेश समझौते पर हस्ताक्षर करने के करीब पहुंचने की घोषणा की। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अलजयानी के साथ आपसी संबंधों को और व्यापक बनाने के लिए बातचीत की। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने दोहरा कराधान बचाव समझौते (डीटीएए) के लिए बातचीत शुरू करने को एक साझा समझ विकसित करने पर भी सहमति जताई। अधिकारियों ने कहा कि इससे दोहरे कराधान को खत्म करने, कर निश्चितता बहाल करने और व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। 

रविवार को 2 दिनों के दौरे पर भारत पहुंचे थे अलजयानी

अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अलजयानी रविवार को दो दिनों की यात्रा पर भारत पहुंचे थे। वे एक ऐसे वक्त में व्यापार, निवेश और रक्षा क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, जब पश्चिम एशिया भू-राजनीतिक तनाव का सामना कर रहा है। जयशंकर और अलजयानी ने रक्षा, सुरक्षा, आर्थिक, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, वित्त प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया। एक संयुक्त बयान के अनुसार दोनों पक्षों ने इलेक्ट्रॉनिक्स, पेट्रोलियम, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, मूल धातुओं और रत्न एवं आभूषण जैसे क्षेत्रों में व्यापार बढ़ाने का संकल्प लिया। 

न्यूजीलैंड के साथ एफटीए के लिए चौथे दौर की वार्ता शुरू

वहीं दूसरी ओर, भारत और न्यूजीलैंड के अधिकारियों ने सोमवार को प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए ऑकलैंड में चौथे दौर की वार्ता शुरू कर दी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस सप्ताह ऑकलैंड जाएंगे और न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले से वार्ता की प्रगति की समीक्षा करेंगे। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए चौथे दौर की वार्ता आज (सोमवार) न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में शुरू हुई। ये बातचीत 7 नवंबर तक चलेगी।’’ इस दौर की वार्ता वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार और उत्पत्ति के मूल नियमों सहित प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा