1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 689.23 अरब डॉलर के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंचा भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, जानें इस बार कितना हुआ इजाफा

689.23 अरब डॉलर के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंचा भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, जानें इस बार कितना हुआ इजाफा

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 13, 2024 06:33 pm IST,  Updated : Sep 13, 2024 06:33 pm IST

इससे पिछले हफ्ते (30 अगस्त को खत्म हुए हफ्ते में) विदेशी मुद्रा भंडार 2.29 अरब डॉलर के उछाल के साथ 683.99 अरब डॉलर पर पहुंच गया था, जो उस हफ्ते तक का ऑल टाइम हाई था।

एक बार फिर नए रिकॉर्ड पर विदेशी मुद्रा भंडार- India TV Hindi
एक बार फिर नए रिकॉर्ड पर विदेशी मुद्रा भंडार Image Source : REUTERS

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाते हुए, एक नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है। देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक 6 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 5.25 अरब डॉलर के तगड़े उछाल के साथ 689.23 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। 

पिछले हफ्ते भी नए ऑल टाइम हाई पर था विदेशी मुद्रा भंडार

बताते चलें कि इससे पिछले हफ्ते (30 अगस्त को खत्म हुए हफ्ते में) विदेशी मुद्रा भंडार 2.29 अरब डॉलर के उछाल के साथ 683.99 अरब डॉलर पर पहुंच गया था, जो उस हफ्ते तक का ऑल टाइम हाई था। उससे पिछले हफ्ते यानी 23 अगस्त को खत्म हुए हफ्ते के दौरान देश का विदेशी मुद्रा भंडार 7.023 अरब डॉलर की भारी बढ़ोतरी के साथ 681.688 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।

विदेशी मुद्रा आस्तियों में भी 5.11 अरब डॉलर का इजाफा 

RBI द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, 6 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां भी 5.11 अरब डॉलर बढ़कर 604.14 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

IMF के पास आरक्षित भंडार बढ़कर 4.63 अरब डॉलर हुआ

इस दौरान भारत के स्वर्ण भंडार यानी गोल्ड रिजर्व की वैल्यू भी 12.9 करोड़ डॉलर के उछाल के साथ बढ़कर 61.99 अरब डॉलर पर पहुंच गई। विशेष आहरण अधिकार (SDR) 40 लाख डॉलर बढ़कर 18.47 अरब डॉलर हो गया। इसके साथ ही, 6 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत का आरक्षित भंडार 90 लाख डॉलर बढ़कर 4.63 अरब डॉलर हो गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा