1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. India-UK FTA: 15 जुलाई से लागू होगा भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता, टैरिफ मुक्त होंगे 99% भारतीय उत्पाद, ये चीजें होंगी सस्ती

India-UK FTA: 15 जुलाई से लागू होगा भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता, टैरिफ मुक्त होंगे 99% भारतीय उत्पाद, ये चीजें होंगी सस्ती

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 17, 2026 09:41 pm IST,  Updated : Jun 17, 2026 10:10 pm IST

भारत और ब्रिटेन ने घोषणा की है कि व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (CETA) 15 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगा।

India-UK FTA, FTA, free trade agreement, india, united kingdom, india united kingdom fta- India TV Hindi
15 जुलाई से लागू होगा भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता Image Source : HTTPS://X.COM/NARENDRAMODI

India-UK FTA: भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) इस साल 15 जुलाई से लागू हो जाएगा। दोनों देशों ने बुधवार को ये जानकारी दी। इस समझौते पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर होने के एक साल से भी कम समय में इसे लागू किया जा रहा है। लंदन ने इसे इतने बड़े पैमाने के समझौते पर हस्ताक्षर के बाद सबसे तेजी से लागू होने वाला समझौता बताया है। भारत और ब्रिटेन के बीच इस समझौते के लागू होने के बाद भारत के 99 प्रतिशत उत्पादों को ब्रिटेन में जीरो टैरिफ पर एंट्री मिलेगी।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जताई खुशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ये जानकारी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ''भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर। ये जानकर खुशी हुई कि भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता 15 जुलाई, 2026 से लागू होगा। ये समझौता हमारे द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को काफी बढ़ावा देगा। इससे भारतीय किसानों, श्रमिकों, MSME, स्टार्टअप और इनोवेटर्स के लिए कई मौके खुलेंगे और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। G7 शिखर सम्मेलन के लिए एवियन में मौजूद ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और मैं, दोनों ही हमारे आर्थिक संबंधों को मिल रही इस नई गति से बहुत खुश हैं।''

भारत के 99 प्रतिशत उत्पादों को ब्रिटेन में मिलेगी टैरिफ से मुक्ति

भारत और ब्रिटेन ने 24 जुलाई, 2025 को वृहद आर्थिक और व्यापार करार (CETA) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात जीरो टैरिफ पर यूनाइटेड किंगडम के बाजार में पहुंचेगा। इसके अलावा, भारत से निर्यात किए जाने वाले चावल, चाय, मसाले, झींगा, मशीनरी, ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग टूल्स, कपड़े, जूते-चप्पल, रत्न एवं आभूषण, खेल के सामान, खिलौनों, दवाओं, इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड गाड़ियों को ब्रिटिश बाजार में बेहतर पहुंच मिलेगी। वहीं दूसरी ओर, भारत लग्जरी कार और शराब जैसे ब्रिटिश उत्पादों पर टैरिफ घटाएगा। सीईटीए का लक्ष्य 2030 तक दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार को दोगुना कर 56 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।

भारत में सस्ते हो जाएंगे ये ब्रिटिश उत्पाद 

समझौते के तहत, भारत में आने वाले कई ब्रिटिश उत्पाद सस्ते हो जाएंगे-

  1. चॉकलेट
  2. बिस्कुट
  3. कॉस्मेटिक्स
  4. स्कॉच
  5. व्हिस्की
  6. लग्जरी गाड़ियां
  7. सैल्मन
  8. लैंब
  9. सॉफ्ट ड्रिंक्स
  10. मेडिकल डिवाइस और इक्विपमेंट
  11. एयरोस्पेस पार्ट्स और कंपोनेंट्स
  12. फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स

15 जुलाई से समझौते की शर्तों के तहत व्यापार कर सकेंगे कारोबारी

वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी किए गए एक बयान में कहा कि भारत और ब्रिटेन ने घोषणा की है कि व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (CETA) 15 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगा। ब्रिटेन के डिपार्टमेंट फॉर बिजनेस एंड ट्रेड ने कहा कि कारोबारियों के पास इसके लागू होने की तैयारी के लिए अब 28 दिन हैं, जिसके बाद वे 15 जुलाई से समझौते की शर्तों के तहत व्यापार कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें-

4 दिन के कारोबार में ₹22.78 लाख करोड़ बढ़ी निवेशकों की संपत्ति, सेंसेक्स में दर्ज की गई 3,323 अंकों की बढ़ोतरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा