1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gautam Adani Net Worth: गौतम अडानी की दौलत में आया जबरदस्त उछाल, चीनी अरबपति को पछाड़कर बने एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति

Gautam Adani Net Worth: गौतम अडानी की दौलत में आया जबरदस्त उछाल, चीनी अरबपति को पछाड़कर बने एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Jan 28, 2026 12:58 pm IST,  Updated : Jan 28, 2026 12:58 pm IST

भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी ने एक बार फिर बड़ा कमबैक करते हुए चीन के दिग्गज अरबपति झोंग शानशान से एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति का ताज छीन लिया है। अडानी ग्रुप के शेयरों में आई जोरदार तेजी का सीधा असर उनकी नेटवर्थ पर पड़ा, जिससे उनकी संपत्ति में अरबों डॉलर का इजाफा दर्ज किया गया।

गोतम अडानी की नेटवर्थ- India TV Hindi
गोतम अडानी की नेटवर्थ Image Source : POSTED ON INSTAGRAM BY GAUTAM.ADANI

भारत के कारोबारी जगत में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। शेयर बाजार में आई मजबूती ने अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी को नई उड़ान दे दी है। कुछ समय पहले तक जिनकी संपत्ति में भारी गिरावट देखी जा रही थी, वही अडानी अब दोबारा एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। चीनी अरबपति झोंग शानशान को पीछे छोड़ते हुए अडानी ने यह मुकाम फिर से हासिल कर लिया है, जिससे ग्लोबल अमीरों की रैंकिंग में हलचल मच गई है।

शेयर बाजार की तेजी बनी वजह

मंगलवार को अडानी ग्रुप के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। इसका सीधा असर गौतम अडानी की नेटवर्थ पर पड़ा। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, अडानी की संपत्ति में एक ही दिन में 2.82 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। इस उछाल के साथ अडानी ग्लोबल अमीरों की सूची में तीन पायदान चढ़कर 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

झोंग शानशान को छोड़ा पीछे

लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, गौतम अडानी की कुल संपत्ति अब 72.8 अरब डॉलर हो गई है, जबकि चीनी अरबपति झोंग शानशान की नेटवर्थ 72 अरब डॉलर पर सिमट गई है। इसी मामूली से अंतर ने अडानी को एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति का ताज वापस दिला दिया। एशिया में अभी भी मुकेश अंबानी सबसे अमीर बने हुए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 92.6 अरब डॉलर आंकी गई है।

इस साल किसे हुआ सबसे ज्यादा नुकसान

अगर 2025 में दौलत गंवाने वाले अरबपतियों की बात करें तो इस लिस्ट में बड़ा नाम लैरी एलिसन का है, जिन्हें अब तक 19.5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। उनके बाद दूसरे नंबर पर मुकेश अंबानी हैं, जिनकी संपत्ति में इस साल 15.1 अरब डॉलर की गिरावट आई है। वहीं गौतम अडानी को भी 11.7 अरब डॉलर का झटका लगा है, हालांकि हालिया तेजी ने उनकी स्थिति को काफी हद तक संभाल लिया है।

दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों की तस्वीर

दुनिया के सबसे अमीर शख्स अब भी एलन मस्क बने हुए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 677 अरब डॉलर है। इसके बाद लैरी पेज, जेफ बेजोस, सर्गी ब्रिन और मार्क जुकरबर्ग टॉप-5 में शामिल हैं। लैरी एलिसन, बर्नार्ड अर्नाल्ट, स्टीव बाल्मर, जेनसेन हुआंग और वॉरेन बफेट भी दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों में अपनी जगह बनाए हुए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा