1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. IndiGo ने देश के इस शहर से ग्वांगझू की डायरेक्ट फ्लाइट की शुरू, जानें कितना है किराया

IndiGo ने देश के इस शहर से ग्वांगझू की डायरेक्ट फ्लाइट की शुरू, जानें कितना है किराया

 Published : Nov 11, 2025 02:46 pm IST,  Updated : Nov 11, 2025 02:53 pm IST

अब से पहले दोनों देशों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट 2020 की शुरुआत तक ऑपरेट होती थी, फिर कोविड-19 महामारी के कारण इन्हें निलंबित कर दिया गया था।

26 अक्टूबर को कोलकाता और ग्वांगझू के बीच उड़ान सेवाएं फिर से शुरू की गई थीं।- India TV Hindi
26 अक्टूबर को कोलकाता और ग्वांगझू के बीच उड़ान सेवाएं फिर से शुरू की गई थीं। Image Source : IMAGE FROM X POSTED BY @INDIGO6E

देश की अग्रणी एयरलाइन इंडिगो ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से चीन के ग्वांगझू के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू कर दी हैं। कंपनी के मुताबिक, दिल्ली कोलकाता के बाद दूसरा भारतीय शहर बन गया है, जहां से अब ग्वांगझू के लिए नॉन-स्टॉप फ्लाइट सेवा उपलब्ध होगी। पीटीआई की खबर के मुताबिक, एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली-ग्वांगझू के बीच दैनिक (डेली) डायरेक्ट फ्लाइट 10 नवंबर से शुरू की गई हैं, जिन्हें A320neo नैरो-बॉडी विमान से संचालित किया जा रहा है।

कोलकाता से भी फ्लाइट हो चुकी है शुरू

खबर के मुताबिक, इस नई सेवा के साथ, इंडिगो अब दिल्ली से 21 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने लगी है। इससे पहले, 26 अक्टूबर को कोलकाता और ग्वांगझू के बीच उड़ान सेवाएं फिर से शुरू की गई थीं। वहीं, 9 नवंबर को चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने दिल्ली-शंघाई के बीच सीधी उड़ानें शुरू कीं। हाल के कूटनीतिक प्रयासों के बाद भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानों को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया था।

कई साल से सस्पेंड थे फ्लाइट्स

गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें 2020 की शुरुआत तक संचालित थीं, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इन्हें निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद, पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद के चलते ये सेवाएं लंबे समय तक बंद रहीं।

कितना है किराया

skyscanner के मुताबिक, दिल्ली से ग्वांगझू के लिए वनवे डायरेक्ट फ्लाइट का 16 नवंबर के लिए किराया ₹24,738 है। यह डायरेक्ट फ्लाइट दिल्ली से 21 बजकर 45 मिनट पर रवाना होती है और 4 घंटे 35 मिनट की यात्रा के बाद यह 4 बजकर 50 मिनट पर ग्वांगझू पहुंच जाएगा।

इंडिगो और चाइना सदर्न एयरलाइंस में कोडशेयर साझेदारी

देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो जल्द ही चाइना सदर्न एयरलाइंस के साथ कोडशेयर साझेदारी करने की योजना बना रही है, ताकि चीन के शहरों तक यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा सके। मंगलवार को दोनों एयरलाइनों ने एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत कोडशेयर पार्टनरशिप और पारस्परिक सहयोग स्थापित किया जाएगा। हालांकि, यह समझौता नियामक अनुमोदन के अधीन है। आमतौर पर, कोडशेयर पार्टनरशिप के तहत एक एयरलाइन अपने यात्रियों को पार्टनर एयरलाइन की उड़ान पर एक ही टिकट के माध्यम से यात्रा की सुविधा देती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा