1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रिलायंस के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है जियो का IPO, उदय कोटक ने बताया कैसे बदल सकती है अंबानी ग्रुप की तस्वीर

रिलायंस के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है जियो का IPO, उदय कोटक ने बताया कैसे बदल सकती है अंबानी ग्रुप की तस्वीर

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 16, 2026 10:57 am IST,  Updated : Oct 16, 2026 11:29 am IST

कोटक महिंद्रा बैंक के फाउंटर उदय कोटक का कहना है कि जियो की शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज ग्रुप लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट वैल्यू के आधार पर देश का सबसे बड़ा कारोबारी ग्रुप बन जाएगा।

कोटक महिंद्रा बैंक के...- India TV Hindi
कोटक महिंद्रा बैंक के फाउंटर उदय कोटक Image Source : PTI

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के लिए जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है। कोटक महिंद्रा बैंक के फाउंटर उदय कोटक का मानना है कि जियो की शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद रिलायंस ग्रुप लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट कैप के आधार पर देश का सबसे बड़ा कारोबारी ग्रुप बन जाएगा। जियो का यह आईपीओ निवेशकों के लिए भी काफी अहम माना जा रहा है। कंपनी इस इश्यू के जरिए करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है।

उदय कोटक ने गुरुवार को कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग के बाद रिलायंस ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट वैल्यू भारत में सबसे ज्यादा हो जाएगा। उनके मुताबिक, करीब दो दशक बाद रिलायंस ग्रुप की ओर से इतना बड़ा IPO आ रहा है। जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर इश्यू का आकार करीब 30,213 करोड़ रुपये बताया गया है। इससे यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है।

दूसरी बड़ी कंपनी के मुकाबले सस्ता है आईपीओ का शेयर?

उदय कोटक ने कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स का वैल्यूएशन उसके टॉप कॉम्पिटिटर के मुकाबले अट्रैक्टिव है। कंपनी 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड में 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी कर रही है। कोटक के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 की अनुमानित कमाई के आधार पर जियो का वैल्यूएशन करीब 34 गुना है, जबकि उसके टॉप कॉम्पिटिटर का वैल्यूएशन लगभग 41 गुना है। उनका मानना है कि इस अंतर से निवेशकों के लिए जियो के शेयर अट्रैक्टिव बन सकते हैं।

आकाश अंबानी ने की वैश्विक निवेशकों से मुलाकात

उदय कोटक ने बताया कि आईपीओ से पहले संस्थागत निवेशकों ने काफी दिलचस्पी दिखाई है। जियो के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने भी दुनिया भर के 50 निवेशकों से खुद मुलाकात की है।

53 करोड़ ग्राहकों तक पहुंचा जियो

कोटक ने कहा कि जियो ने टेलीकॉम बाजार में उतरकर भारत में इंटरनेट कनेक्टिविटी को बदलने में अहम भूमिका निभाई। कंपनी ने मोबाइल डेटा को सस्ता बनाने और डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में योगदान दिया है। जियो का ग्राहक आधार 53 करोड़ से अधिक बताया गया है। अब आईपीओ के जरिए कंपनी को मिलने वाली बाजार की पहचान और निवेशकों की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी। इसकी लिस्टिंग रिलायंस समूह के कुल बाजार मूल्य और कारोबारी स्थिति को नया आयाम दे सकती है।

यह भी पढ़ें- Jio की शुरुआत से लेकर रिलायंस के कर्ज मुक्त होने तक, IPO मीट में ईशा अंबानी ने बताई कंपनी की कहानी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।