1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. L&T चेयरमैन को पिछले वित्त वर्ष मिला 76.28 करोड़ रुपये का पैकेज, 50% बढ़ा पारिश्रमिक

L&T चेयरमैन को पिछले वित्त वर्ष मिला 76.28 करोड़ रुपये का पैकेज, 50% बढ़ा पारिश्रमिक

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 17, 2025 10:57 pm IST,  Updated : Jul 17, 2025 10:57 pm IST

पिछले वित्त वर्ष में चेयरमैन द्वारा इस्तेमाल किए गए कर्मचारी शेयर विकल्प (ESOP) का मूल्य 15.88 करोड़ रुपये था। इसकी तुलना में 2023-24 में ये शून्य था।

L&T, L&T chairman, L&T chairman package, L&T chairman salary, L&T chairman S N Subrahmanyan, larsen - India TV Hindi
एस. एन. सुब्रह्मण्यन ने कर्मचारियों के लिए रविवार को भी काम करने का दिया था सुझाव Image Source : L&T

इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के चेयरमैन एस. एन. सुब्रह्मण्यन का पारिश्रमिक (कुल पैकेज) पिछले वित्त वर्ष (2024-25) में 2023-24 की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत बढ़कर 76.25 करोड़ रुपये हो गया। सुब्रह्मण्यन कुछ महीने पहले एक हफ्ते में 90 घंटे काम करने का समर्थन करने के लिए सुर्खियों में आए थे। कंपनी की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, एस. एन. सुब्रह्मण्यन के पारिश्रमिक में ये बड़ी बढ़ोतरी मुख्य रूप से साल के दौरान स्टॉक ऑप्शन के इस्तेमाल के कारण हुई। सुब्रह्मण्यन को 2023-24 में 51.05 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक दिया गया था। 

चेयरमैन ने 15.88 करोड़ रुपये के ESOP का किया इस्तेमाल

किसी व्यक्ति को उसके काम के लिए दिए जाने वाले भुगतान- जिसमें वेतन, बोनस, कमीशन आदि शामिल होते हैं, उसे पारिश्रमिक कहा जाता है। पिछले वित्त वर्ष में चेयरमैन द्वारा इस्तेमाल किए गए कर्मचारी शेयर विकल्प (ESOP) का मूल्य 15.88 करोड़ रुपये था। इसकी तुलना में 2023-24 में ये शून्य था। 

एलएंडटी के CFO को कितना मिला भुगतान

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) आर. शंकर रमन का पारिश्रमिक पिछले वित्त वर्ष में 37.33 करोड़ रुपये रहा। जबकि, कंपनी के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर और प्रेसिडेंट सुब्रमण्यम सरमा को 44.55 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक मिला। 

कर्मचारियों के लिए रविवार को भी काम करने का दिया था सुझाव

लार्सन एंड टुब्रो के चेयरमैन ने कुछ महीने पहले हर हफ्ते 90 घंटे काम करने की वकालत करते हुए ये सुझाव दिया था कि कर्मचारियों को रविवार को भी काम करना चाहिए। इससे सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई थी। इसके बाद कंपनी ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा था कि उनकी इस टिप्पणी का आशय ‘शानदार नतीजे’ हासिल करने के लिए ‘अत्यधिक प्रयास करने की जरूरत’ से था।

29 जुलाई को जारी होंगे वित्तीय नतीजे

गुरुवार को बीएसई पर एलएंडटी के शेयर 27.40 रुपये (0.78%) की गिरावट के साथ 3474.30 रुपये के भाव पर बंद हुए। बीएसई के डेटा के मुताबिक, लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों का 52 वीक हाई 3963.00 रुपये और 52 वीक लो 2967.65 रुपये है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 4,77,841.13 करोड़ रुपये है। लार्सन एंड टुब्रो, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के वित्तीय नतीजे 29 जुलाई को जारी करेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा