1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. LPG Cylinder Shortage: रोजाना 50 लाख LPG सिलेंडरों की हो रही सप्लाई, सरकार बोली- देश में तेल की कोई कमी नहीं

LPG Cylinder Shortage: रोजाना 50 लाख LPG सिलेंडरों की हो रही सप्लाई, सरकार बोली- देश में तेल की कोई कमी नहीं

 Edited By: Shivendra Singh
 Updated : Mar 12, 2026 11:34 pm IST

देशभर के तमाम हिस्सों में लोग अपनी एलपीजी सिलेंडर भरवाने के लिए गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े दिखे। हालांकि सरकार ने साफ किया है कि भारत में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं।

देशभर में गैस...- India TV Hindi
देशभर में गैस एजेंसियों पर भीड़ Image Source : PTI

देशभर में एलपीजी की बढ़ती किल्लत ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली, मुंबई, भोपाल, हैदराबाद, लखनऊ, अहमदाबाद समेत देश के तमाम शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोग अपने सिलेंडर भरवाने के लिए घंटों खड़े रहे। हालांकि, यह सिर्फ स्थानीय संकट नहीं बल्कि वैश्विक परिस्थितियों का असर भी है। मध्य पूर्व में तनाव और अंतरराष्ट्रीय तेल व गैस बाजार में अनिश्चितता के चलते भारतीय उपभोक्ताओं के मन में सप्लाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, सरकार ने इन आशंकाओं को तुरंत खारिज किया है और स्पष्ट किया है कि देश में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। तेल और गैस की सप्लाई निरंतर जारी है और कोई भी आपूर्ति संकट नहीं है।

LPG Cylinder Shortage Highlights

Auto Refresh
Refresh
  • 11:32 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    हरियाणा के पूर्व सीएम का आया बयान

    LPG सिलेंडर की कमी को लेकर हरियाणा पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा, "लोग LPG सिलेंडर के लिए लाइन में लगे हैं। सरकार को लोगों का भरोसा वापस पाने की दिशा में काम करना चाहिए। एक तरफ, वे कह रहे हैं कि कोई कमी नहीं है, फिर भी उन्होंने कमर्शियल सिलेंडर का डिस्ट्रीब्यूशन बंद कर दिया है।"

  • 9:51 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    कमर्शियल एलपीजी के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी

    दिल्ली सरकार ने अपने बयान में कहा कि रेस्टॉरेंट और ढाबों में कमर्शियल इस्तेमाल के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सरकार समय के साथ कमर्शियल एलपीजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय कर रही है।

  • 9:48 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    दिल्ली में एलपीजी, पीएनजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य

    दिल्ली सरकार ने गुरुवार को जनता को आश्वस्त किया कि शहर में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की सप्लाई सामान्य है और उन्हें घबराकर खरीदारी या जमाखोरी नहीं करनी चाहिए। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और अधिकारी एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कड़ी निगरानी कर रहे हैं। 

  • 8:03 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    किसी भी रिटेल आउटलेट पर ड्राई आउट की खबर नहीं

    देश में करीब एक लाख रिटेल आउटलेट्स चल रहे हैं। इनमें से किसी भी रिटेल आउटलेट पर ड्राई आउट की कोई खबर नहीं है।

  • 8:02 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    राज्यों को दिया जाएगा 4.8 करोड़ लीटर अतिरिक्त केरोसीन

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा भारत सरकार हर तीन महीने में राज्यों को 1 लाख लीटर यानी 10 करोड़ लीटर केरोसिन तेल देती है। एलपीजी संकट के बीच आज सरकार ने ऑर्डर जारी कर दिया गया है और राज्य सरकारों को 48,000 किलोलीटर यानी 4.8 करोड़ लीटर अतिरिक्त केरोसिन तेल दिया जाएगा।

  • 6:26 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    डिस्ट्रीब्यूशन साइड पर ड्राई आउट की खबर नहीं

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा कि भारत अपनी LPG का लगभग 60% हिस्सा आयात करता है और इसका लगभग 90% हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट से आता है। ये एक मुश्किल स्थिति है, लेकिन सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को सप्लाई पक्का करने की पूरी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ''हम रोजाना लगभग 50 लाख सिलेंडर डिलीवर करते हैं। डिस्ट्रीब्यूशन साइड पर, कोई ड्राई आउट की खबर नहीं है। लेकिन पैनिक की वजह से बुकिंग में कई गुना बढ़ोतरी हुई है। हम लोगों से पैनिक बुकिंग से बचने की रिक्वेस्ट करते हैं। राज्य सरकारों से बेनिफिशियरी की लिस्ट पहचानने की रिक्वेस्ट की गई है ताकि सिलेंडर, कमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी प्रायोरिटी बेसिस पर की जा सके।"

  • 5:52 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    कमर्शियल LPG सिलेंडर पर राज्य सरकार करेगी फैसला

    कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई को लेकर केंद्र सरकार ने कहा कि इसका फैसला राज्य सरकारें करेंगी। केंद्र ने कहा कि राज्य सरकारें खुद ये तय करेंगी कि कमर्शियल LPG सिलेंडर की कितनी सप्लाई किन्हें करनी है।

  • 5:50 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    होटल-रेस्टॉरेंट को कोयला इस्तेमाल करने की मिली छूट

    होटल और रेस्टॉरेंट को 1 महीने के लिए कोयला और बायो-फ्यूल का इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। सरकार ने कहा कि लोग पैनिक की वजह से ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं। जबकि, देश में अभी भी रोजाना 50 लाख गैस सिलेंडर की सप्लाई हो रही है।

  • 5:49 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    5 दिनों में 28 प्रतिशत बढ़ा एलपीजी का प्रोडक्शन

    हरदीप पुरी ने कहा कि देश में CNG की 100% सप्लाई हो रही है। भारत में रोजाना LNG कार्गो पहुंच रहे हैं। पिछले 5 दिनों में LPG का प्रोडक्शन 28% बढ़ा है। भारत लंबे समय तक इस हालात से निपटने के लिए तैयार है। गैस सिलेंडर को लेकर पैनिक करने की जरूरत नहीं है।

  • 5:47 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    देश के पास पर्याप्त कच्चा तेल उपलब्ध

    एलपीजी संकट पर सरकार ने लोकसभा में जवाब दिया। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। पेट्रोल-डीजल की कोई किल्लत नहीं है। हम 40 देशों से कच्चा तेल आयाता कर रहे हैं।

  • 5:47 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यापारी परेशान

    LPG संकट पर लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा कि LPG संकट सिर्फ शुरुआत है। हम किससे तेल खरीदेंगे ये कोई और तय कर रहा है। राहुल गांधी ने ईरान युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद है। देश में एलपीजी को लेकर संकट है| स्ट्रीट वेंडर्स पर ज्यादा प्रभाव पड़ा है। अमेरिका कौन होता है हमें ये बताने वाला कि हम किससे तेल खरीदेंगे, किससे गैस खरीदेंगे| छोटे व्यापारी परेशान हो रहे हैं। 

  • 5:45 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    राहुल गांधी के नोटिस के बाद संसद में शुरू हुई चर्चा

    राहुल गांधी के नोटिस के बाद संसद गैस संकट पर चर्चा के लिए तैयार हो गई। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने आज संसद में इसपर जवाब दिया। बहस की शुरुआत राहुल गांधी ने की थी।

  • 5:44 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    विपक्षी दलों ने सरकार पर लगाए जनता को गुमराह करने के आरोप

    विपक्षी दल के सांसदों ने लोकसभा में आज LPG सिलेंडर के संकट पर संसद में प्रोटेस्ट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेट्रोल और LPG के स्टॉक को लेकर झूठ बोल रही है। जनता को गुमराह कर रही है। हकीकत ये है कि देश में पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की किल्लत है। इसलिए सरकार को सामने आकर सारी स्थिति साफ करनी चाहिए।

  • 2:25 PM (IST)
    Posted by Shivendra Singh

    हरदीप सिंह पुरी को भेजा पत्र

    बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर देश में व्यावसायिक और घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की गंभीर कमी को तुरंत दूर करने की अपील की है।

  • 1:37 PM (IST)
    Posted by Shivendra Singh

    घर और गाड़ी दोनों के लिए लगातार मिलती रहेगी सप्लाई

    इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड: हमारी सबसे बड़ी चिंता आपकी ऊर्जा की जरूरतें हैं। IGL आपके घरों में खाना बनाने के लिए PNG और आपके वाहनों के लिए CNG लगातार उपलब्ध करवा रहा है। IGL हमेशा अच्छी सेवा देने और ग्राहकों को संतुष्ट रखने का प्रयास करता है।

  • 12:35 PM (IST)
    Posted by Shivendra Singh

    कानपुर: एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती

    कानपुर में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत और कालाबाजारी के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के सख्त निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने शहर के दो अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की, जिसमें कुल 49 एलपीजी सिलेंडर, रिफिलिंग के उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया। यह कार्रवाई अवैध भंडारण, कालाबाजारी और गैरकानूनी रिफिलिंग के खिलाफ की गई है, जो आम जनता की रसोई को प्रभावित कर रही थी। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

  • 12:20 PM (IST)
    Posted by Shivendra Singh

    गैस की कमी के बीच समोसा, पोहा और चाय विक्रेताओं ने कीमतें बढ़ाई

    देश में एलपीजी की किल्लत ने छोटे कारोबारियों और रोडसाइड वेंडरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद में कई टी स्टॉल और फूड वेंडर्स गैस सिलेंडर न मिलने और बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं, जिससे उनके व्यापार ठप होने के कगार पर पहुंच गया है।

  • 12:09 PM (IST)
    Posted by Shivendra Singh

    इंडक्शन कुकटॉप की मांग में भारी उछाल

    ईरान युद्ध के बीच एलपीजी की संभावित कमी के डर से लोग गैस की जगह इंडक्शन कुकटॉप खरीदने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दौड़ पड़े हैं। ई‑कॉमर्स साइटों पर इनकी बिक्री में भारी उछाल आया है और कुछ क्विक‑डिलीवरी ऐप के कई शहरों में स्टॉक पहले ही खत्म हो चुका है।

  • 11:48 AM (IST)
    Posted by Shivendra Singh

    BMC की कैंटीन पर भी असर

    मुंबई में गैस की किल्लत का असर अब सिर्फ होटल और रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सरकारी दफ्तरों की कैंटीनों पर भी इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। देश और एशिया की सबसे बड़ी और सबसे अमीर महानगरपालिका मानी जाने वाली बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के मुख्यालय की कैंटीन भी अब इस संकट की चपेट में आ गई है। कैंटीन प्रबंधन के मुताबिक उनके पास अब कमर्शियल गैस का बेहद सीमित स्टॉक बचा है और हालात ऐसे हैं कि किसी तरह आज का दिन तो गुजारा जा सकता है, लेकिन कल के लिए कोई भरोसा नहीं है।

  • 11:43 AM (IST)
    Posted by Shivendra Singh

    विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन

    लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी संसद परिसर में अन्य विपक्षी नेताओं के साथ शामिल हुए और देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी की खबरों के खिलाफ प्रदर्शन किया।

  • 11:42 AM (IST)
    Posted by Shivendra Singh

    भोपाल: गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतार

    भोपाल में लोग एलपीजी सिलेंडर भरवाने और अपने दोपहिया वाहनों के ईंधन के लिए गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतार में खड़े नजर आए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा