1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. लखनऊ मेट्रो के यात्रियों के लिए गुड न्यूज, QR आधारित टिकट सिस्टम शुरू, कहीं से भी कर सकते हैं बुक

लखनऊ मेट्रो के यात्रियों के लिए गुड न्यूज, QR आधारित टिकट सिस्टम शुरू, कहीं से भी कर सकते हैं बुक

 Published : Feb 16, 2026 06:49 pm IST,  Updated : Feb 16, 2026 06:52 pm IST

लखनऊ में मेट्रो का सफर और आसान हो गया है। क्यूआर टिकट वाले यात्री एएफसी गेट पर क्यूआर कोड स्कैन करके स्टेशनों में प्रवेश और निकास कर सकते हैं।

प्लेटफॉर्म पर खड़ी लखनऊ मेट्रो की एक ट्रेन।- India TV Hindi
प्लेटफॉर्म पर खड़ी लखनऊ मेट्रो की एक ट्रेन। Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 'लखनऊ मेट्रो' ने सोमवार को क्यूआर (QR) आधारित टिकट सिस्टम की शुरुआत कर दी है, जिससे यात्रियों के लिए मेट्रो यात्रा करना और भी आसान हो गया है। इस नई सुविधा का औपचारिक उद्घाटन हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने किया। इस सेवा की शुरुआत होने से हजारों यात्रियों को सहूलियत हो गई है। उनका सफर आसान हो गया है। 

टिकट कैसे बुक करें

  • यात्रियों को अब लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप – Lucknow Metro Official (Play Store और iOS Store पर उपलब्ध), टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) और टिकट काउंटर के माध्यम से आसानी से क्यूआर टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी।
  • मोबाइल ऐप से बुकिंग: टिकट डिजिटल क्यूआर कोड के रूप में सीधे मोबाइल फोन पर उपलब्ध होगा।
  • काउंटर और टीवीएम से बुकिंग: पेपर आधारित क्यूआर टिकट प्राप्त किया जा सकता है।

क्यूआर टिकट के फायदे

क्यूआर टिकट वाले यात्री पीले रंग की पट्टियों वाले स्वचालित किराया संग्रह (एएफसी) गेट पर क्यूआर कोड स्कैन करके स्टेशनों में प्रवेश और निकास कर सकते हैं। UPMRC ने सभी मेट्रो स्टेशनों पर क्यूआर-कोड समर्थित नई टीवीएम स्थापित की हैं। हर स्टेशन पर कम से कम एक क्यूआर-कोड टीवीएम और एक क्यूआर-कोड समर्थित टिकट काउंटर उपलब्ध हैं। इन मशीनों में UPI भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। पुराने टीवीएम और काउंटर पहले की तरह टोकन आधारित सेवाएं प्रदान करते रहेंगे।

UPMRC ने क्या कहा?

UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि क्यूआर आधारित टिकटिंग प्रणाली लखनऊ मेट्रो के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह 'स्मार्ट ट्रैवल' की अवधारणा पर आधारित है, जिससे यात्री कहीं से भी टिकट बुक कर सकते हैं और तेज, सरल और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल डिजिटल इंडिया की परिकल्पना के मुताबिक भी है, जहां सेवाएं केवल 'एक टैप दूर' हैं।

उन्होंने आगे कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक कार्ड’ की दिशा में अगले चरण में लखनऊ में राष्ट्रीय साझा गतिशीलता कार्ड सुविधा शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को देश भर की उन सभी मेट्रो सिस्टम में निर्बाध रूप से यात्रा करने में सुविधा मिलेगी, जहां एनसीएमसी सुविधा उपलब्ध है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा