1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. लखनऊ मेट्रो के दूसरे फेज का काम कब होगा शुरू? आया ये अपडेट, एरियल सर्वे हुआ पूरा, जानें कितने स्टेशन बनेंगे

लखनऊ मेट्रो के दूसरे फेज का काम कब होगा शुरू? आया ये अपडेट, एरियल सर्वे हुआ पूरा, जानें कितने स्टेशन बनेंगे

 Published : Sep 22, 2025 01:58 pm IST,  Updated : Sep 22, 2025 01:59 pm IST

यह नया कॉरिडोर 11.165 किलोमीटर लंबा होगा. इसमें 4.286 किलोमीटर एलिवेटेड (ऊपर) और 6.879 किलोमीटर अंडरग्राउंड (भूमिगत) सेक्शन होंगे। फेज 2 के एरियल सर्वे का काम पूरा हो चुका है और अब बस बजट मिलने का इंतजार है।

स्टेशन पर खड़ी लखनऊ मेट्रो की एक ट्रेन।- India TV Hindi
स्टेशन पर खड़ी लखनऊ मेट्रो की एक ट्रेन। Image Source : ऑफिशियल वेबसाइट

राजधानी लखनऊ में मेट्रो के दूसरे फेज का काम अगले साल जनवरी-फरवरी से शुरू होने वाला है, जिससे शहर के लोगों को एक नई और आधुनिक तस्वीर देखने को मिलेगी। यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने लखनऊ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के निर्माण की तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसे अगले पांच सालों में पूरा करने का लक्ष्य है। ईटीवी की खबर के मुताबिक, यह नया कॉरिडोर, जो चारबाग से बसंतकुंज तक जाएगा, शहर के सबसे पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा।

मेट्रो फेज-2 को जान लीजिए

यह नया कॉरिडोर 11.165 किलोमीटर लंबा होगा. इसमें 4.286 किलोमीटर एलिवेटेड (ऊपर) और 6.879 किलोमीटर अंडरग्राउंड (भूमिगत) सेक्शन होंगे। इस रूट पर कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें से सात अंडरग्राउंड और पांच एलिवेटेड होंगे। इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत ₹5801 करोड़ है। यह कॉरिडोर मौजूदा नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के चारबाग मेट्रो स्टेशन से जुड़ेगा, जिससे यात्रियों के लिए सफर और भी आसान हो जाएगा।

चुनौतियों और तैयारियों पर एक नज़र

पुराने लखनऊ के भीड़-भाड़ वाले इलाकों जैसे चौक और अमीनाबाद से होकर गुजरने की वजह से इस फेज का निर्माण काफी चुनौतीपूर्ण होगा। ईटीवी भारत की खबर के मुताबिक, यूपीएमआरसी के जॉइंट जनरल मैनेजर पंचानन मिश्रा का कहना है कि घनी आबादी, संकरी गलियां, और भारी ट्रैफिक के कारण काम करना आसान नहीं होगा। इसी को देखते हुए, सायल टेस्टिंग और एरियल सर्वे जैसे महत्वपूर्ण काम पहले ही पूरे कर लिए गए हैं। निर्माण के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष स्ट्रैटेजी भी तैयार की जा रही है, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो।

बस बजट मिलने का इंतजार 

उन्होंने यह भी बताया गया है कि इस रूट पर भीड़ ज्यादा होने की संभावना है, इसलिए स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था भी और भी मजबूत की जाएगी। ट्रेनों की संख्या भी वर्तमान रूट की तुलना में अधिक होगी। फेज 2 के एरियल सर्वे का काम पूरा हो चुका है और अब बस बजट मिलने का इंतजार है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। यह नया मेट्रो रूट न केवल पुराने लखनऊ को आधुनिक परिवहन से जोड़ेगा, बल्कि शहर के विकास को भी नई गति देगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा