महाराष्ट्र सरकार मुंबई के बोरीवली में 1000 से ज्यादा सस्ते घर बनाने जा रही है। ये सभी घर सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL (भारत संचार निगम लिमिटेड) और MTNL (महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड) की जमीन पर बनाए जाएंगे। इसके लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को बोरीवली में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) (PMAY-U) के तहत किफायती आवास निर्माण के लिए बीएसएनएल और एमटीएनएल की जमीन खरीदने के लिए मंजूरी दे दी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में सहयाद्री गेस्ट हाउस में हुई 'महाराष्ट्र आवास विकास प्राधिकरण' की बैठक में ये फैसला लिया गया।
BSNL और MTNL से 729 करोड़ रुपये में जमीन खरीदेगी महाराष्ट्र सरकार
महाराष्ट्र सरकार की एक प्रेस रिलीज के अनुसार, बोरीवली में गोराई स्थित बीएसएनएल और शिंपोली स्थित एमटीएनएल की कुल 28.84 एकड़ आरक्षित जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस जमीन का अधिग्रहण सरकार की निर्धारित कीमत 729 करोड़ रुपये में होगा। इस योजना के तहत 1000 से ज्यादा घरों का निर्माण किया जाएगा। इसे महाराष्ट्र आवास विकास निगम (MahaHousing) द्वारा डेवलप किया जाएगा। महाराष्ट्र आवास विकास निगम के अधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने इस प्रोजेक्ट को लेकर एक प्रस्तुति दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी घरों को पूरी तरह से तैयार होने में 3 से 4 साल तक का समय लगेगा।
आर्थिक रूप से कमजोर और कम आय वाले परिवारों को बेचे जाएंगे घर
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित टाउनशिप में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) और कम आय वाले परिवारों (LIG) को सस्ते दाम में घर बेचे जाएंगे। इस पहल से मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में किफायती आवास की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, इस टाउनशिप में रहने वाले लोगों को कई तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। इस टाउनशिप में एक स्कूल, अस्पताल, खेल का मैदान, सांस्कृतिक केंद्र और एक व्यावसायिक क्षेत्र होगा। इन घरों का आकार लगभग 450 वर्ग फुट होगा और ये काफी कम दाम पर उपलब्ध होंगे।