1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. AI के युग में इंसान बेरोजगार! Meta ने अपने AI लैब से 600 लोगों को दिखाया बाहर का रास्ता

AI के युग में इंसान बेरोजगार! Meta ने अपने AI लैब से 600 लोगों को दिखाया बाहर का रास्ता

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Oct 22, 2025 11:09 pm IST,  Updated : Oct 22, 2025 11:09 pm IST

AI के बढ़ते दौर में जहां दुनिया नई तकनीकी ऊंचाइयों को छू रही है, वहीं इंसानों की नौकरियां तेजी से खतरे में पड़ती दिख रही हैं। इसका ताजा उदाहरण है मार्क जुकरबर्ग की कंपनी Meta, जिसने अपने AI Superintelligence Lab से करीब 600 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।

Meta ने 600 लोगों को नौकरी...- India TV Hindi
Meta ने 600 लोगों को नौकरी से निकाला Image Source : CANVA

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की रफ्तार जिस तेजी से दुनिया बदल रही है, उतनी ही तेजी से अब यह इंसानों की नौकरियों पर भी भारी पड़ने लगी है। टेक दिग्गज Meta ने अपने AI डिवीजन में बड़ा फेरबदल करते हुए लगभग 600 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। कंपनी के इस कदम ने सिलिकॉन वैली में एक बार फिर से छंटनी की लहर को हवा दे दी है।

दरअसल, Meta अपने AI विभाग की पुनर्गठन प्रक्रिया से गुजर रही है। कंपनी का कहना है कि उसके लंबे समय से चल रहे AI प्रोजेक्ट्स ज्यादातर ब्यूरोक्रेटिक (bureaucratic) हो गए थे, जिससे निर्णय लेने की गति धीमी पड़ रही थी। इस वजह से Meta ने अपने पुराने FAIR AI रिसर्च यूनिट और AI प्रोडक्ट एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर टीम्स में कटौती का फैसला लिया है।

Meta के चीफ AI ऑफिसर का बयान

Meta के चीफ AI ऑफिसर एलेक्ज़ांडर वांग ने एक इंटरनल मेमो में कहा कि हमारी टीम को छोटा करने से निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी। अब हर सदस्य के पास ज्यादा जिम्मेदारी और असरदार भूमिका होगी। वांग ने यह भी जोड़ा कि प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी के अन्य विभागों में नई भूमिकाओं के लिए आवेदन करने का मौका मिलेगा।

TBD लैब

हालांकि छंटनी के बीच Meta का ध्यान अब अपने TBD लैब पर केंद्रित है। यह नया AI रिसर्च सेंटर है, जो कंपनी के भविष्य के सुपरइंटेलिजेंस मिशन का केंद्र बनेगा। इस लैब के लिए Meta ने हाल ही में OpenAI की रिसर्च साइंटिस्ट अनन्या कुमार और थिंकिंग मशीन के को-फाउंडर एंड्रू टुलॉक जैसे दिग्गजों को भर्ती किया है।

AI में 15 बिलियन डॉलर का निवेश

Meta इस समय अपने AI इंफ्रास्ट्रक्चर में लगभग 15 बिलियन डॉलर (₹1.25 लाख करोड़) का निवेश कर रही है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में नए और असरदार AI मॉडल्स और प्रोडक्ट्स बनाने के लिए टीम का छोटा और तेज़ काम करने वाला (फुर्तीला) होना बहुत जरूरी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा