1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मोदी सरकार ने काशी को दी बड़ी सौगात! 43 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर और 6-लेन ग्रीनफील्ड हाईवे को मंजूरी, ट्रैफिक समस्या होगी खत्म

मोदी सरकार ने काशी को दी बड़ी सौगात! 43 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर और 6-लेन ग्रीनफील्ड हाईवे को मंजूरी, ट्रैफिक समस्या होगी खत्म

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jul 15, 2026 03:24 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 06:10 pm IST

केंद्रीय कैबिनेट ने वाराणसी के लिए दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद काशी में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और लोगों का सफर पहले से ज्यादा तेज और आसान हो जाएगा।

वाराणसी में एलिवेटेड...- India TV Hindi
वाराणसी में एलिवेटेड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड हाईवे प्रोजेक्ट को मंजूरी Image Source : PIB

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को केंद्र सरकार ने बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर सौगात दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शहर में 43.218 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर और 6-लेन ग्रीनफील्ड एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी दे दी है। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर 25,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आएगी। हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) पर आधारित इन मेगा प्रोजेक्ट्स के निर्माण के बाद काशी में सफर करने वाले स्थानीय लोगों, देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम के झंझट से हमेशा के लिए निजात मिल सकती है।

बुधवार को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट ब्रीफिंग में बताया कि नेशनल हाईवे-19 और वाराणसी रिंग रोड के बीच एक भव्य 6-लेन ग्रीनफील्ड एलिवेटेड कॉरिडोर के विकास को मंजूरी दी गई है। इस पूरे प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 46.039 किलोमीटर होगी, जिसे बनाने में करीब ₹14,447.64 करोड़ की लागत आएगी। यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर वाराणसी के रोड नेटवर्क को शानदार कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यह इस प्रभाव क्षेत्र में वाहनों के औसत यात्रा समय को लगभग 60 मिनट से घटाकर मात्र 20 मिनट कर देगा। इससे शहर के प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।

वरुणा नदी के किनारे बनेगा 43.2 किमी लंबा 6/4-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर

वाराणसी शहर के अंदर भीड़भाड़ कम करने के लिए सरकार ने वरुणा नदी के किनारे एक और शानदार कॉरिडोर को मंजूरी दी है। यह 43.218 किलोमीटर लंबा एक 6/4-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर होगा, जो नेशनल हाईवे-31 और वाराणसी रिंग रोड को सीधे जोड़ेगा। इस बेहद महत्वपूर्ण शहरी प्रोजेक्ट पर कुल ₹10,998.32 करोड़ की लागत आएगी।

काशी रेलवे स्टेशन को मिलेगी सीमलेस कनेक्टिविटी

वाराणसी डीकंजेस्ट प्लान के हिस्से के रूप में बनने वाला यह दूसरा कॉरिडोर NH-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच सीमलेस कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इसके चालू होने के बाद NH-31 से काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा के समय में सीधे 50% की कमी आएगी, जिससे 40 मिनट का सफर सिमटकर केवल 20 मिनट का रह जाएगा। इसके साथ ही, यह कॉरिडोर क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई रफ्तार देगा। यह मार्ग चंदौली सोशल इकोनॉमिक जोन, चंदौली और छह प्रमुख लॉजिस्टिक्स नोड्स के साथ कनेक्टिविटी को काफी मजबूत करेगा, जिससे व्यापार और माल ढुलाई में तेजी आएगी।

सीएम योगी ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के इस परियोजनाओं के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी के विकास को नई गति मिली है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ₹25,446 करोड़ की लागत से गंगा ग्रीनफील्ड और वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनसे यातायात सुगम होगा, श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और पर्यटन, व्यापार व स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें- वाराणसी से चलने वाली 2 वंदे भारत ट्रेनों का रेलवे ने बदला समय, चेक करें नया टाइम टेबल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा