1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Mother Dairy इस वित्त वर्ष में कर सकती है ₹17,000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार, कंपनी कुछ यूं कर रही है अपना विस्तार

Mother Dairy इस वित्त वर्ष में कर सकती है ₹17,000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार, कंपनी कुछ यूं कर रही है अपना विस्तार

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Feb 16, 2025 04:23 pm IST,  Updated : Feb 16, 2025 04:23 pm IST

वित्त वर्ष 2023-24 में मदर डेयरी ने 15,037 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल किया था। डेयरी कारोबार ने कुल वार्षिक राजस्व में लगभग 75 प्रतिशत का योगदान दिया था।

मदर डेयरी- India TV Hindi
मदर डेयरी Image Source : FILE

अपने खाद्य उत्पादों की बेहतर मांग तथा उत्पादन क्षमता के साथ डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार की वजह से चालू वित्त वर्ष 2024-25 में मदर डेयरी का कारोबार 15 प्रतिशत बढ़कर 17,000 करोड़ रुपये से अधिक रहने की उम्मीद है। दूध और अन्य डेयरी उत्पादों के अलावा मदर डेयरी ‘धारा’ ब्रांड के तहत खाद्य तेल और ‘सफल’ ब्रांड के तहत बागवानी (ताजा और फ्रीज फल और सब्जियां) उत्पाद बेचती है। यह दिल्ली-एनसीआर में प्रमुख मिल्क सप्लायर हैं। मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक मनीष बंदलिश ने पीटीआई-भाषा के साथ इंटरव्यू में कहा कि चालू वित्त वर्ष कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है क्योंकि इसने अपनी स्थापना के 50 साल पूरे किए हैं।

इस साल 17,000 करोड़ रुपये का कारोबार

बंदलिश ने कहा, ‘‘हम चालू वित्त वर्ष में 15 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि के साथ साल का समापन 17,000 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार के साथ करेंगे।’’ वित्त वर्ष 2023-24 में मदर डेयरी ने 15,037 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल किया था। डेयरी कारोबार ने कुल वार्षिक राजस्व में लगभग 75 प्रतिशत का योगदान दिया था। बंदलिश ने कहा, ‘‘यह मजबूत प्रदर्शन हमारी रणनीतिक पहल का प्रमाण है। दिल्ली-एनसीआर से परे हम राष्ट्रीय स्तर पर उपस्थिति बढ़ा रहे हैं, नई पीढ़ी के डिस्ट्रीब्यूशन चैनल के माध्यम से अपनी पहुंच को मजबूत कर रहे हैं। मैन्यूफैक्चरिंग कैपेसिटी का विस्तार कर रहे हैं और उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए नए रोमांचक उत्पाद पेश कर रहे हैं।’’

लगा रही विशाल मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट

क्षमता विस्तार के लिए मदर डेयरी 500 करोड़ रुपये से अधिक के अनुमानित निवेश के साथ महाराष्ट्र के नागपुर में एक विशाल मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित कर रही है। इस नई सुविधा के 2026 तक चालू होने की उम्मीद है और यह मध्य और दक्षिणी क्षेत्र के बाजारों को उत्पादों की सप्लाई करेगा। बागवानी कारोबार में मदर डेयरी ने दो एकीकृत फल और सब्जी प्रोसेसिंग फैसेलिटी की आधारशिला रखी है। इनमें से एक इटोला, वडोदरा, गुजरात और दूसरी आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में है। इसके अलावा सफल ब्रांड के तहत कंपनी ने 350 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश के साथ दो नए प्लांट स्थापित किए हैं। चालू वित्त वर्ष में कंपनी ने विभिन्न श्रेणियों में 30 नए उत्पाद उतारे हैं। मदर डेयरी की स्थापना 1974 में हुई थी। अब यह राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी है। मदर डेयरी के पास कंपनी के स्वामित्व वाले नौ मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट और बागवानी कारोबार के लिए चार फैसेलिटीज हैं। कंपनी के पास खाद्य तेल के लिए 16 सहायक प्लांट हैं। मदर डेयरी ब्रेड और बेकरी क्षेत्र में भी उतर चुकी है।

(पीटीआई/भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा