1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुकेश अंबानी ने म्यूचुअल फंड बिजनेस में मारी एंट्री, ग्लोबल कंपनी ब्लैकरॉक से मिलाया हाथ, मिलेगा ये फायदा

मुकेश अंबानी ने म्यूचुअल फंड बिजनेस में मारी एंट्री, ग्लोबल कंपनी ब्लैकरॉक से मिलाया हाथ, मिलेगा ये फायदा

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : May 27, 2025 05:14 pm IST,  Updated : May 27, 2025 05:14 pm IST

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और ब्लैकरॉक ने इस इकाई में 82.5 करोड़ रुपये का शुरुआती निवेश किया है।

JFSL and BlackRock- India TV Hindi
जेएफएसएल और ब्लैकरॉक Image Source : FILE

भारत के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी एक और नए बिजनेस में एंट्री करने जा रहे हैं। दरअसल, मुकेश अंबानी की जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) की सब्सिडियरी कंपनी को म्यूचुअल फंड कारोबार के लिए पूंजी बाजार नियामक (SEBI) की मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट, जियो फाइनेंस सर्विसेज लिमिटेड और ब्लैकरॉक कंपनी का 50:50 का सयुंक्त उद्यम है। जेएफएसएल ने बयान में कहा, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड ने 26 मई, 2025 के पत्र के जरिये ‘जियोब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड’ को पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रदान किया है। जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड को जियो ब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड के लिए संपत्ति प्रबंधन कंपनी के रूप में कार्य करने की मंजूरी मिली है।

हम साथ मिलकर निवेश को आसान बनाएंगे 

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, ईशा अंबानी ने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था नई पीढ़ी द्वारा प्रेरित है। ब्लैकरॉक के साथ हमारी साझेदारी दुनिया भर की निवेश की समझ और जियो के डिजिटल तरीके से नए काम करने के तरीके का एक मजबूत मेल है। हम साथ मिलकर हर भारतीय के लिए निवेश को आसान, सुलभ और सबको साथ लेकर चलने वाला बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें पूरा भरोसा है कि जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट भारत में वित्तीय रूप से सशक्तिकरण के भविष्य को आकार देने में एक बड़ा बदलाव लाएगी।

वहीं, जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, सिड स्वामीनाथन ने कहा कि जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट का लक्ष्य भारत के निवेशकों को डिजिटल तरीके से संस्थागत स्तर के निवेश के विकल्प पहुंचाना और देश में निवेश के माहौल के विकास में योगदान करना है। उन्होंने कहा कि मुझे जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट का नेतृत्व करने का सम्मान प्राप्त हुआ है, और मैं भारत में एसेट मैनेजमेंट को बदलने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हूं, ताकि निवेशकों को सीधे निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने का अवसर मिल सके।

2023 में सेबी के पास किया था आवेदन 

जेएफएसएल और ब्लैकरॉक ने इस इकाई में 82.5 करोड़ रुपये का शुरुआती निवेश किया है। जियो फाइनेंशियल और ब्लैकरॉक फाइनेंशियल मैनेजमेंट इंक ने म्यूचुअल फंड कारोबार शुरू करने के लिए अनुमति हासिल करने को 19 अक्टूबर, 2023 को सेबी के समक्ष दस्तावेज दाखिल किए थे। सिड स्वामीनाथन इस पद पर एसेट मैनेजमेंट का 20 साल से ज्यादा का अनुभव लेकर आए हैं। इससे पहले, वे ब्लैकरॉक में हेड ऑफ इंटरनेशनल इंडेक्स इक्विटी थे, जहां वे 1.25 ट्रिलियन डॉलर की एसेट अंडर मैनेजमेंट के लिए जिम्मेदार थे। उससे पहले, उन्होंने ब्लैकरॉक में यूरोप के लिए फिक्स्ड इनकम पोर्टफोलियो मैनेजमेंट के हेड के तौर पर काम किया, जहां वे सिस्टमैटिक और इंडेक्स्ड रणनीतियों के लिए जिम्मेदार थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा