1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारतीय कंपनियों में सबसे आगे पहुंंची रिलायंस इंडस्ट्रीज, इस ग्लोबल सूची में LIC नौ स्थान नीचे खिसकी

भारतीय कंपनियों में सबसे आगे पहुंंची रिलायंस इंडस्ट्रीज, इस ग्लोबल सूची में LIC नौ स्थान नीचे खिसकी

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Aug 03, 2023 07:09 am IST,  Updated : Aug 03, 2023 07:09 am IST

इस सूची में दूसरी भारतीय कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन है जो 48 स्थान उछलकर 94वें स्थान पर आ गई है।

Mukesh Ambani- India TV Hindi
मुकेश अंबानी Image Source : PTI

जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज नवीनतम फॉर्च्यून ग्लोबल 500 सूची में शामिल भारतीय कंपनियों में सबसे आगे 88वें स्थान पर पहुंच गई। यह उसकी सबसे टॉप की रैंकिंग है। रिलायंस को वर्ष 2022 की सूची में 104वीं रैंकिंग मिली थी जो इस साल की सूची में 88 हो गई है। इस तरह देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस साल भर में 16 स्थान की छलांग लगाने में सफल रही है। वहीं पिछले दो वर्षों में रिलायंस ने फॉर्च्यून ग्लोबल की सूची में कुल 67 स्थानों का सुधार किया है। वर्ष 2021 की सूची में कंपनी 155वें स्थान पर रही थी। 

एलआईसी नौ स्थान खिसकते हुए 107वीं रैंकिंग पर

फॉर्च्यून ग्लोबल 500 की सूची में कंपनियों का चयन मार्च में समाप्त वित्त वर्ष के दौरान उनके कुल राजस्व के आधार पर किया जाता है। नवीनतम सूची में रिलायंस समेत कुल आठ भारतीय कंपनियों को जगह दी गई है। इस सूची में दूसरी भारतीय कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन है जो 48 स्थान उछलकर 94वें स्थान पर आ गई है। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) इस बार नौ स्थान खिसकते हुए 107वीं रैंकिंग पर आ गई है। सार्वजनिक क्षेत्र की अन्य कंपनियों- ओएनजीसी, बीपीसीएल और एसबीआई ने भी इस सूची में जगह बनाई है। 

टाटा मोटर्स की रैकिंग में 33 स्थानों का सुधार 

ओएनजीसी को सूची में 158वां स्थान, बीपीसीएल को 233वां स्थान और एसबीआई को 235वां स्थान मिला है। इस सूची में भारत की दो अन्य कंपनियां टाटा मोटर्स और राजेश एक्सपोर्ट्स भी शामिल हैं। टाटा मोटर्स 33 स्थानों के सुधार के साथ 337वीं रैंकिंग पर पहुंच गई है जबकि राजेश एक्सपोर्ट्स 84 स्थानों की छलांग लगाते हुए 353वें नंबर पर आ गई है। यह लगातार 20वां साल है जब रिलायंस ने फॉर्च्यून ग्लोबल की सूची में अपनी जगह बनाई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का एकीकृत राजस्व वित्त वर्ष 2022-23 में 23.2 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 9,76,524 करोड़ रुपये रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा