1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुंबई में ऑटो और टैक्सी का सफर होगा महंगा, 1 सितंबर से लागू हो सकते हैं नए रेट्स

मुंबई में ऑटो और टैक्सी का सफर होगा महंगा, 1 सितंबर से लागू हो सकते हैं नए रेट्स

 Reported By: Saket Rai Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 21, 2026 10:25 am IST,  Updated : Aug 21, 2026 10:36 am IST

मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने ऑटो और काली-पीली टैक्सियों के किराए में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो 1 सितंबर से मुंबई और आसपास के इलाकों में ऑटो-टैक्सी से सफर करना महंगा हो जाएगा।

मुंबई में ऑटो-टैक्सी...- India TV Hindi
मुंबई में ऑटो-टैक्सी का बढ़ेगा किराया Image Source : PTI

मुंबई और आसपास के इलाकों में रोजाना ऑटो या टैक्सी से सफर करने वाले लोगों की जेब पर जल्द ही ज्यादा बोझ पड़ सकता है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने ऑटो और काली-पीली टैक्सियों के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। नए रेट्स 1 सितंबर 2026 से लागू होने की संभावना है। हालांकि, आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने तक पुराने किराए ही लागू रहेंगे। 

MMRTA द्वारा मंजूर की गई नई दरों के तहत ऑटो के किराए में ₹1 और काली-पीली टैक्सी के किराए में ₹2 की बढ़ोतरी की गई है। ऑटो रिक्शा के पहले 1.5 किलोमीटर के लिए न्यूनतम किराया ₹26 से बढ़ाकर ₹27 कर दिया गया है। वहीं, काली-पीली टैक्सी के पहले 1.5 किलोमीटर के लिए न्यूनतम किराया ₹31 से बढ़ाकर ₹33 करने का फैसला लिया गया है। न्यूनतम दूरी (1.5 किमी) के बाद प्रति किलोमीटर के हिसाब से लगने वाले किराए में भी अनुपातिक रूप से संशोधन लागू होगा।

क्यों बढ़ाया जा रहा है किराया?

पिछले कुछ वर्षों में सीएनजी (CNG) की कीमतों, स्पेयर पार्ट्स और वाहनों के रखरखाव के खर्च में भारी बढ़ोतरी हुई है। परिवहन यूनियनें लगातार किराए में संशोधन की मांग कर रही थीं। यूनियनों का तर्क था कि परिचालन लागत बढ़ने के कारण चालकों की कमाई पर बुरा असर पड़ रहा था, जिसके बाद प्राधिकरण ने किराए की समीक्षा कर इस बढ़ोतरी को मंजूरी दी।

शेयरिंग ऑटो-टैक्सी के किराए पर जल्द आएगा फैसला

ज्यादातर कामकाजी लोग रेलवे स्टेशनों से दफ्तरों तक जाने के लिए शेयरिंग ऑटो या टैक्सी का इस्तेमाल करते हैं। खबर है कि शेयरिंग ऑटो और टैक्सियों के किराए में भी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इस पर अभी MMRTA द्वारा अंतिम फैसला लिया जाना बाकी है।

पुणे में भी महंगा होगा सफर

आपको बता दें पुणे में 1 सितंबर से ऑटो का सफर महंगा होने वाला है। नए किराये के मुताबिक, अब यात्रियों को पहले 1.5 किलोमीटर के लिए 30 पहले देने होंगे, जो पहले सिर्फ 25 रुपये था। जबकि, इसके बाद हर किलोमीटर का किराया 20 रुपये होगा, जो पहले 17 रुपये था। पुणे रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने ऑटो के नए किराये को मंजूरी दे दी है।

यह भी पढ़ें- मुंबई के कुर्ला में बड़ा हादसा, रेलवे की बिजली लाइन पर गिरी क्रेन, 6 लोग घायल; कई मकान भी चपेट में आए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा