दिल्ली की रेल व्यवस्था में जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन अब नए अवतार में नजर आएगा। स्टेशन के पुनर्विकास काम को तेज करने के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत करीब पांच दर्जन ट्रेनों को नई दिल्ली स्टेशन से हटाकर अन्य स्टेशनों पर ट्रांसफर करने की प्लानिंग बनाई गई है। यह कदम यात्रियों की भीड़ कम करने और निर्माण काम को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
क्यों जरूरी हुआ ट्रेनों को शिफ्ट करना?
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 300 ट्रेनें संचालित होती हैं और यहां रोजाना चार लाख से ज्यादा यात्री आवाजाही करते हैं। इतनी भारी भीड़ के बीच पुनर्विकास काम करना बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसी कारण रेलवे ने फैसला किया है कि स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या घटाकर निर्माण कार्य को बिना रुकावट आगे बढ़ाया जाए।
किन स्टेशनों पर भेजी जाएंगी ट्रेनें?
योजना के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हटाई जाने वाली ट्रेनें पुरानी दिल्ली, सराय रोहिल्ला, तुगलकाबाद जंक्शन, सब्जी मंडी, आनंद विहार, गाजियाबाद और बिजवासन रेलवे स्टेशन पर शिफ्ट की जाएंगी। इसके साथ ही सराय रोहिल्ला स्टेशन से चलने वाली ज्यादातर ट्रेनों को भी बिजवासन ट्रांसफर किया जाएगा। इससे नई दिल्ली स्टेशन के साथ-साथ सराय रोहिल्ला पर भी भीड़ का दबाव कम होगा।
पहाड़गंज साइड से शुरू हुआ काम
रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम पहाड़गंज की ओर से शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन का ज्यादा व्यस्त होना अब तक सबसे बड़ी बाधा था, जिसे ट्रेनों के ट्रांसफर से काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
छह माह में तैयार होगा बिजवासन स्टेशन
इस पूरे प्लान में बिजवासन रेलवे स्टेशन की अहम भूमिका है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, बिजवासन स्टेशन अगले छह महीनों में पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यहां आठ प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। पहले पेड़ों की कटाई को लेकर अड़चन थी, लेकिन अब इसकी अनुमति मिल चुकी है। जुलाई तक स्टेशन के तैयार होते ही सराय रोहिल्ला से लगभग तीन दर्जन ट्रेनें यहां से चलाई जाएंगी।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
हालांकि शुरुआती दौर में यात्रियों को अपने ट्रेन स्टेशन में बदलाव के कारण थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन लंबे समय में इसका फायदा मिलेगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आधुनिक और सुविधाजनक बनने से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा, वहीं भीड़भाड़ से भी राहत मिलेगी।



































