नोएडा में ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शहर में एक और नई एलिवेटेड रोड बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। यह सड़क बनने के बाद न सिर्फ ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि दिल्ली और नोएडा के बीच सफर भी काफी आसान हो जाएगा। खास बात यह है कि यह नया प्रोजेक्ट शहर की कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदल सकता है। यह नई एलिवेटेड रोड महामाया फ्लाईओवर के पास से शुरू होकर सेक्टर-94 तक जाएगी। इसकी लंबाई करीब 1.5 किलोमीटर होगी, हालांकि सर्वे के बाद इसमें थोड़ा बदलाव संभव है। यह रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के ऊपर से बनाई जाएगी।
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसे चिल्ला एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा। यानी जो लोग दिल्ली या सेक्टर-15 की तरफ से आ रहे हैं, वे बिना एक्सप्रेसवे पर उतरे सीधे सेक्टर-94 तक पहुंच सकेंगे। वहीं, सेक्टर-94 से निकलने वाले वाहन भी सीधे चिल्ला एलिवेटेड रोड के जरिए दिल्ली की ओर जा सकेंगे।
फिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत
इस एलिवेटेड रोड के बनने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। खासतौर पर सेक्टर-38 और आसपास के इलाकों में रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। इसके अलावा, एक नया रैंप भी बनाया जाएगा, जिससे वाहन आसानी से एक्सप्रेसवे पर आ-जा सकेंगे।
मेट्रो ट्रैक के ऊपर से गुजरेगी सड़क
नई एलिवेटेड रोड को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि यह मेट्रो के ट्रैक के ऊपर से गुजरे। इससे सड़क और मेट्रो दोनों के संचालन में कोई बाधा नहीं आएगी।यह प्रोजेक्ट एक तरह से मौजूदा चिल्ला एलिवेटेड रोड का विस्तार माना जा रहा है।
आगे क्या है प्लानिंग?
फिलहाल इस प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी मिली है। अब इसकी फाइनल DPR (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर आईआईटी को भेजी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण काम शुरू होगा।