1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट: यात्रियों की एंट्री और सिक्योरिटी चेक से लेकर बोर्डिंग तक की टेस्टिंग पूरी; इस तारीख से शुरू हो सकती हैं उड़ानें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट: यात्रियों की एंट्री और सिक्योरिटी चेक से लेकर बोर्डिंग तक की टेस्टिंग पूरी; इस तारीख से शुरू हो सकती हैं उड़ानें

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Nov 12, 2025 08:54 am IST,  Updated : Nov 12, 2025 08:54 am IST

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उड़ान भरने के एकदम करीब है। देश के सबसे आधुनिक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस एयरपोर्ट पर दूसरा यात्री टर्मिनल ट्रायल भी सफल रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर वीडियो साझा कर इस बात की जानकारी दी।

नोएडा इंटरनेशनल...- India TV Hindi
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों की एंट्री से बोर्डिंग तक हुई रिहर्सल Image Source : POSTED ON X BY @NIAIRPORT

उत्तर भारत को जल्द ही एक नया अंतरराष्ट्रीय गेटवे मिलने वाला है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) अपनी पहली उड़ान भरने से बस कुछ कदम दूर है। एयरपोर्ट पर दूसरे यात्री टर्मिनल ट्रायल को भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इससे साफ है कि यमुना एक्सप्रेसवे के पास जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट दिसंबर तक यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार होगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि यात्रियों की एंट्री से लेकर चेक-इन, सुरक्षा जांच, बोर्डिंग गेट और बैगेज हैंडलिंग तक पूरे सिस्टम की जांच की गई और सब कुछ सफल रहा। स्थानीय लोगों और कंपनी के कर्मचारियों ने यात्रियों की भूमिका निभाई और उन्हें बाकायदा बोर्डिंग पास देकर विमान तक भेजा गया।

बड़ा माइलस्टोन

एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस ट्रायल को एक “बड़ा माइलस्टोन” बताया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि घरेलू टर्मिनल का काम लगभग पूरा हो चुका है। सुरक्षा की दृष्टि से भी सभी तैयारियां पूरी हैं और CISF की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। अब केवल कुछ अंतिम प्रशासनिक मंजूरियों का इंतजार है।

उड़ान के लिए एयरपोर्ट तैयार

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि एयरपोर्ट उड़ान के लिए लगभग तैयार है। रनवे पर सभी जरूरी रडार और नेविगेशन सिस्टम इंस्टॉल किए जा चुके हैं। अब केवल नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) की मंजूरी बाकी है, जिसके बाद DGCA से एयरोड्रोम लाइसेंस जारी होगा। इसके मिलने के बाद 15 दिसंबर को पहली कमर्शियल उड़ान भरने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर अधिकारियों ने भी तैयारियां तेज कर दी है। हालांकि, अभी उद्घाटन को लेकर तिथि स्पष्ट नहीं है।

स्मार्ट और सस्टेनेबल एयरपोर्ट

इस बीच, नागर विमानन मंत्रालय के अधिकारियों ने भी मंगलवार को विकासकर्ता कंपनी YIAPL (Yamuna International Airport Pvt. Ltd.) और NIAL के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें एयरपोर्ट की सुरक्षा योजना, संचालन व्यवस्था और लाइसेंस प्रमाणन से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लक्ष्य उत्तर भारत के यात्रियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्भरता से राहत देना है। यह एयरपोर्ट न केवल अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा, बल्कि इसे भारत का सबसे स्मार्ट और सस्टेनेबल एयरपोर्ट भी कहा जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा